RJD ऑफिस में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी का स्वागत:कहा- साजिश नहीं चलेगी
पटना.राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद तेजस्वी यादव आज पहली बार पार्टी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान तेजस्वी का भव्य स्वागत किया गया। आरजेडी कार्यालय में खासा उत्साह देखने को मिला।
पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत समारोह की बड़े स्तर पर तैयारियां की गई। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, सांसद, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव का औपचारिक रूप से अभिनंदन किया गया।कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, चुनाव में जनता ने जिस भरोसे के साथ आरजेडी का साथ दिया, उसके लिए वे सभी लोगों का धन्यवाद करते हैं। जिस तरह पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव कभी डर के आगे नहीं झुके, उसी तरह तेजस्वी यादव भी कभी डरने वाला नहीं है।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि विरोधियों ने लोकतंत्र को मशीन तंत्र में बदल दिया है और चुनाव के दौरान आरजेडी कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कार्यकर्ताओं का अपमान किया गया तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी और मजबूती से जवाब देगी।
लालू यादव को साजिश के तहत जेल भेजे जाने के बाद भी उन्होंने लगातार संगठन और जनता के बीच काम किया और हर जिले में पार्टी को मजबूत करने का प्रयास किया।तेजस्वी यादव ने कहा, साल 2015 में पहली बार जनता के प्यार और समर्थन से आरजेडी ने चुनाव जीता और उसी समय वे देश के सबसे कम उम्र के उपमुख्यमंत्री बने।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब नीतीश कुमार भाजपा के साथ गए, तब उन पर झूठे आरोप लगाए गए। राजनीतिक रूप से उन्हें खत्म करने की कोशिश की गई। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी लगभग जीत चुकी थी, लेकिन गड़बड़ियों के जरिए पार्टी को हराया गया।उन्होंने कहा कि अबतक उन्हें पार्टी में कोई बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं मिली थी, लेकिन अब राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। आने वाले दिनों में संगठन को और अधिक मजबूत करने का काम किया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने शेखपुरा के एक आरजेडी नेता को वसूली की धमकी मिलने का जिक्र करते हुए कहा कि नई सरकार डर का माहौल बनाकर शासन कर रही है, लेकिन आरजेडी डरने वाली पार्टी नहीं है।उन्होंने कहा, अब लक्ष्य है पार्टी को राज्य की सबसे मजबूत राजनीतिक ताकत बनाना और अगर तय लक्ष्य का आधा भी ईमानदारी से काम हुआ तो आरजेडी राष्ट्रीय स्तर की पार्टी बन सकती है। सभी वर्गों, जातियों, शोषितों और अल्पसंख्यकों को साथ जोड़कर आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया है।
केंद्र पर बोला हमला
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि आज देश में डर का माहौल बनाया जा रहा है। किसान कमजोर स्थिति में है और प्रधानमंत्री उन्हें रील बनाने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाएं विपक्ष को डराने के लिए इस्तेमाल की जा रही हैं और इसमें कुछ अपने लोग भी शामिल हैं। षड्यंत्र के जरिए सरकार बनाई गई है और नीतीश कुमार कभी जनता के नेता नहीं बन सकते, वे केवल अधिकारियों के नेता हैं, जबकि असली जननेता लालू प्रसाद यादव हैं।
तेजस्वी यादव ने घोषणा की कि पार्टी का स्थापना दिवस 17 फरवरी को पटना के बापू सभागार में मनाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार अगर बिहार को नंबर वन राज्य नहीं बना पाती है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।विपक्ष का काम केवल लालू और तेजस्वी को गाली देना रह गया है, लेकिन अब आरजेडी कार्यकर्ता गालियां सुनने वाले नहीं हैं। जो जैसा बोलेगा, उसे वैसा ही जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भले ही उनका समय नहीं है, लेकिन आने वाला दौर आरजेडी का होगा।
कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर औपचारिक अभिनंदन
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह कार्यक्रम आरजेडी के संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्वागत समारोह के बाद तेजस्वी यादव कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे।अपने संबोधन में तेजस्वी कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन विस्तार और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों पर दिशा-निर्देश दे सकते हैं। माना जा रहा कि इस दौरान वे कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान करेंगे।
रंग-बिरंगे फूलों से राजद कार्यलय को सजाया
तेजस्वी यादव के स्वागत को लेकर आरजेडी कार्यालय को रंग-बिरंगे फूलों और सजावटी लाइटों से सजाया गया है। कार्यालय के बाहर और आसपास तेजस्वी यादव के बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी गई है। पोस्टरों में पार्टी के नारे और आगामी राजनीतिक संघर्ष का संदेश भी दिखाया गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
