समस्तीपुर में गाड़ी की टक्कर से दो मजदूरों की मौत:काम की तलाश में बाइक से जा रहे थे
समस्तीपुर के हरपुर पूसा के पास एक सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। अज्ञात गाड़ी ने बाइक पर सवार होकर काम की तलाश में जा रहे दोनों मजदूरों को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई।मृतकों की पहचान हरपुर पूसा निवासी स्वर्गीय बिंदेश्वर राम के बेटे चंदन कुमार (30) और स्वर्गीय त्रिभुवन राम के बेटे रोशन कुमार (20) के रूप में हुई है। दोनों पेंटर का काम करते थे और आज भी काम की तलाश में घर से निकले थे।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवक एक साथ काम करते थे। वे आज काम की तलाश में बाइक से निकले थे, तभी गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने दोनों को पूसा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक चंदन कुमार के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। वह अपने परिवार का भरण-पोषण मजदूरी करके ही करते थे। मृतक रोशन कुमार दो भाइयों में बड़े थे और उनकी शादी नहीं हुई थी। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
पूसा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन दिए जाने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
