मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सोनपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों का व्यापक एवं सघन निरीक्षण।
पटना।यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 05 फरवरी 2026 को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सोनपुर मंडल के बरौनी–सेमापुर सेक्शन के विभिन्न स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा बरौनी जंक्शन, बरौनी यार्ड एवं खगड़िया स्टेशन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की प्रगति का गहन जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में, उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
खगड़िया स्टेशन पर PPP मॉडल से बने नवनिर्मित गुड्स गोदाम का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक, सोनपुर द्वारा किया गया। यह आधुनिक गोदाम व्यापार, उद्योग व किसानों को सुविधा देगा और रेलवे की माल ढुलाई क्षमता व राजस्व बढ़ाएगा।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा थानाबिहपुर स्टेशन के पैनल रूम, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन पुस्तकालय एवं फुट ओवर ब्रिज (FOB) का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता, संरक्षा एवं संरक्षित रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण क्रम को आगे बढ़ाते हुए नवगछिया स्टेशन पर पैनल रूम एवं प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया गया। वहीं सेमापुर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज (FOB), पैनल रूम एवं बुकिंग कार्यालय का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही सेमापुर स्थित रेक प्वाइंट का भी मंडल रेल प्रबंधक द्वारा निरीक्षण कर परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की गई।
काढ़ागोला में PQRS स्लाइडिंग का निरीक्षण कर संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया। तत्पश्चात काढ़ागोला रोड स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन स्टेशन भवन एवं अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा कुर्सेला स्टेशन का निरीक्षण कर स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, संरक्षा मानकों एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा इन क्षेत्रों में निरंतर सुधार के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में पसराहा स्टेशन का निरीक्षण करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने वहां स्थित भारतीय खाद्य निगम लिमिटेड (FCI) एवं लीप एग्री लॉजिस्टिक (LEAP) प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गहन संवाद किया तथा माल ढुलाई एवं लॉजिस्टिक संचालन से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
इसके अतिरिक्त महेशखूंट, कटरिया स्टेशन,लखमिनिया सहित अन्य स्टेशनों का भी निरीक्षण किया गया, जहां मंडल रेल प्रबंधक ने चल रहे कार्यों की प्रगति, स्टेशन परिसर की स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा सभी कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
यह निरीक्षण सोनपुर मंडल में यात्री सुविधाओं के उन्नयन, संरक्षित रेल परिचालन तथा आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में मंडल प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
