सहरसा रेलवे स्टेशन पर रेलकर्मी ने कचरे से उकेरी प्रेरक तस्वीर
समस्तीपुर रेलमंडल के सहरसा रेलवे स्टेशन पर कार्यरत रेलकर्मी धनंजय कुमार ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील सोच का अनूठा उदाहरण पेश किया है। उन्होंने अपशिष्ट पदार्थों का उपयोग कर स्वामी विवेकानंद जी का अत्यंत आकर्षक और प्रेरणादायी चित्र तैयार किया है, जो इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
धनंजय कुमार द्वारा बनाए गए इस चित्र में बेकार समझे जाने वाले कागज, प्लास्टिक, धातु के टुकड़े एवं अन्य अनुपयोगी वस्तुओं का कलात्मक उपयोग किया गया है। इस नवाचार का उद्देश्य न केवल महान संत स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है, बल्कि “वेस्ट से बेस्ट” की अवधारणा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी है। इस उत्कृष्ट कार्य की जानकारी मिलने पर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने धनंजय कुमार की सराहना की।
अपने निरीक्षण के क्रम में सहरसा स्टेशन पहुंचे डीआरएम ने उक्त कलाकृति को देखकर कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक पहल रेलवे कर्मियों में छिपी प्रतिभा को उजागर करती है और समाज को सकारात्मक दिशा में सोचने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ आम यात्रियों ने भी इस कलाकृति की प्रशंसा की है। धनंजय कुमार का यह प्रयास न केवल कला और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम है, बल्कि युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है। कचरे से उकेरी स्वामी विवेकानंद की तस्वीर के साथ डीआरएम ज्योति।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
