फोरलेन पर खड़ी गाड़ी में घुसी एंबुलेंस,महिला और कंपाउंडर की मौत
पटना.बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अथमलगोला थाना क्षेत्र के चंदा गांव स्थित जगरनाथ पेट्रोल पंप के पास सोमवार देर रात एक अनियंत्रित एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही एक महिला व कंपाउंडर की मौत हो गई। हादसा रात करीब 2 बजे हुआ।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, टक्कर की आवाज किसी बम ब्लास्ट जैसी थी। आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने खून से लथपथ लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से फंसे हुए लोगों को निकालकर सीएचसी करजान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया।
बेटे का इलाज कराकर पूर्णिया लौट रही थी मां
मृतकों की पहचान पूर्णिया (सरसी) निवासी अंजुम खातून (55) और किशनगंज निवासी कंपाउंडर राज किशोर सिंह (25) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अंजुम खातून अपने घायल बेटे का पटना में इलाज कराकर एंबुलेंस से घर लौट रही थीं। एंबुलेंस में मृतका के अलावा उनके समधी, बेटा, दामाद और चालक सवार थे।
दो घायलों की हालत नाजुक, पटना रेफर
हादसे में घायल तीन अन्य लोगों में से दो की स्थिति बेहद चिंताजनक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
