बिहार से 5 टन-मखाना की पहली खेप शंघाई भेजी गई:मंत्री ने ट्रक को हरी झंडी दिखाई
पटना जिले के बिहटा स्थित इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी) से आज 5 टन मखाना की पहली खेप शंघाई, चीन के लिए रवाना की गई। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा तैयार इस निर्यात खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कार्यक्रम बिहटा के Pristine प्राइवेट लिमिटेड परिसर में आयोजित हुआ।
कृषि मंत्री बोले- राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रयासरत
मंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और कृषि उत्पादों को निर्यात योग्य बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। बिहटा आईसीडी से मखाना की यह पहली बड़ी खेप भेजा जाना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह कदम स्थानीय किसानों को प्रोत्साहन देगा और राज्य में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
कृषि मंत्री बोले- बिहार के किसानों के लिए ऐतिहासिक पहल
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने इसे बिहार के किसानों के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान मखाना अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। इससे राज्य के किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और उन्हें वैश्विक बाजार से सीधे जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
बिहार के मखाना की विश्व बाजार में अलग पहचान
इस कार्यक्रम में संबंधित विभाग के अधिकारी, निर्यातक प्रतिनिधि और स्थानीय किसान भी मौजूद रहे। किसानों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बिहार का मखाना विश्व बाजार में अपनी अलग पहचान बनाएगा, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
