45 हजार के नकली नोट बरामद:पुलिस ने जालसाज को किया गिरफ्तार
पटना.पूर्णिया में सहायक खजांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 45 हजार रुपए के नकली नोट के साथ एक जालसाज को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान कस्बा थाना के फकीर तकिया वार्ड-3 निवासी मोहम्मद जुबैर आलम के तौर पर हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि इलाके में एक जालसाज नकली नोट का काम कर रहा है। इसके बाद एसपी स्वीटी सहरावत के निर्देश पर सदर SDPO के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम की अगुवाई करते हुए मिली सूचना पर आरोपी के घर रेड मारा गया। तलाशी के दौरान घर से बड़ी मात्रा में नकली नोट मिले। बरामद रकम 45 हजार से अधिक है।
बरामद 200 रुपए नोटों का सीरियल नंबर एक ही था
जांच के दौरान चौंकाने वाली बात सामने आई है। 200 रुपए के सभी नकली नोटों का सीरियल नंबर एक ही था। इससे साफ हो गया कि ये नोट असली नहीं है और एक साथ छापे गए हैं। इसके अलावा 100 और 50 रुपए के जाली नोट बरामद किए गए।पुलिस की जांच में ये भी सामने आया कि आरोपी पहले भी नकली नोट के मामले में शामिल रह चुका है। 13 जनवरी 2026 को दर्ज एक मामले में उस पर आरोप था कि उसने बैंक के एटीएम में 200 रुपए के 6 नकली नोट जमा किए थे। उस समय एटीएम मशीन ने नोटों को संदिग्ध बताया था, लेकिन तकनीकी कारणों से राशि खाते में जमा हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
बाद में बैंक की जांच में नोट नकली पाए गए। बैंक अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी की पहचान हुई। खाते की जानकारी के आधार पर उसका नाम और पता मिला, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसी सिलसिले में आगे की जांच करते हुए छापेमारी की गई और इस बार उसके घर से बड़ी मात्रा में जाली नोट बरामद किए गए।फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से आए, क्या वो खुद इन्हें तैयार करता था या किसी नेटवर्क से जुड़ा है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य स्थानों पर भी छापेमारी की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
