राजधानी एक्सप्रेस से 35 क्विंटल विदेशी सुपारी बरामद:टीम ने बरौनी में उतारा
बेगूसराय.मुजफ्फरपुर कस्टम विभाग की टीम ने बरौनी आरपीएफ के सहयोग से ऑपरेशन सतर्क के राजधानी एक्सप्रेस की पार्सल बोगी से 35 क्विंटल विदेशी सुपारी बरामद किया है। बरामद सुपारी की कीमत करीब 35 लाख रुपए हैं। इस दौरान ट्रेन करीब 20 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही।
डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के पार्सल बोगी में यह सुपारी दीमापुर से कानपुर के लिए बुक कराया गया था। लेकिन इनपुट मिलते ही बरौनी में उतार लिया गया। कस्टम विभाग की टीम बरामद सुपारी को लेकर मुजफ्फरपुर लेकर चली गई है। इसके बाद अब कस्टम विभाग और आरपीएफ की टीम छानबीन में जुटी है।मुजफ्फरपुर कस्टम विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि 12423 अप राजधानी एक्सप्रेस के पार्सल बोगी के माध्यम से भारी मात्रा में सुपारी की खेप भेजी जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तत्काल आरपीएफ इंस्पेक्टर बरौनी से संपर्क किया।
इसके बाद कस्टम अधीक्षक राजेश कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ बरौनी जंक्शन पहुंचे। यहां आरपीएफ के निरीक्षक प्रभारी लोकेश साव, अपराध शाखा निरीक्षक नरेन्द्र कुमार, उप निरीक्षक दीपक कुमार दुबे, सहायक उप निरीक्षक कमलेश कुमार सिंह एवं अपराध शाखा गढ़हरा के सहायक उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव की टीम बनाई गई।
घेराबंदी कर टीम ने पकड़ा
दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने रणनीति बनाकर ट्रेन के बरौनी पहुंचने से पहले ही प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर घेराबंदी कर दी। ट्रेन के पहुंचते ही सबसे पीछे वाले पार्सल बोगी को खोलकर चेक किया गया। उसमें पीडब्ल्यू बिल संख्या-2025070267 के अनुसार दीमापुर से कानपुर स्टेशन के लिए बुक किए गए 40 जूट के बोरियों में विदेशी सुपारी बरामद हुआ।
भेजने वाले का नाम-पता Vikaho T sumi, Rana Bazar, Dimapur-Rahul, N.Road, CNB Railway Mark-250-70267/02 Feb 26 पाया गया। टीम ने मौके पर ही सभी बोरियों को उतारकर जब्त कर लिया। अब दस्तावेजों की सत्यता और वैधता की जांच की जा रही है। कस्टम विभाग अब बुकिंग कराने वाले और कानपुर के प्राप्तकर्ता व्यवसायी की पहचान और जांच कर रहा है।पता लगाया जा रहा है कि कस्टम ड्यूटी, जीएसटी एवं अन्य आवश्यक टैक्स का भुगतान किया गया था या नहीं। बरौनी जंक्शन के रास्ते इन दिनों लगातार अवैध कारोबार किया जा रहा है। पूर्वोत्तर के राज्यों से आने वाली ट्रेन के माध्यम से विदेशी सिगरेट, विदेशी सुपारी और गांजा के साथ शराब की भी तस्करी होती है। जिसका बरौनी में पर्दाफाश हो जाता है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
