बिहार में फरवरी अंत तक 30 डिग्री के ऊपर पहुंचेगा तापमान
पटना.राज्यभर में फिलहाल मौसम स्थिर और शुष्क बना हुआ है। समुद्र तल से करीब 12.6 किमी ऊपर सक्रिय उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम और सतह पर चल रही पछुआ हवा के प्रभाव से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है। पश्चिमी हवा 7.4 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली। आर्द्रता का स्तर करीब 41 प्रतिशत रहा।
सुबह हल्की धुंध देखी गई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो गया। तेज धूप के कारण गर्मी में बढ़ोतरी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, औरंगाबाद में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया, जबकि पूर्णिया अपेक्षाकृत ठंडा रहा।
मौसम शुष्क: जेट स्ट्रीम और पछुआ हवा का असर
आगे क्या: मौसम विभाग के पटना केंद्र के अनुसार, अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। फरवरी के अंत तक दिन का तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे मार्च जैसी गर्मी का एहसास होगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
