आईआईटी पटना में 250 करोड़ रुपए से रिसर्च पार्क बनाया जाएगा,बिहार के इनोवेटर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस..
पटना.नई दिल्ली में शुरू हुए ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट एंड एक्सपो 2026’ में बिहार के इनोवेटर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी दुनिया की बड़ी कंपनियों के साथ जुड़ रहे हैं। समिट के दौरान बिहार सरकार ने कई बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ 468 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के लिए समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इनोवेशन, इनक्यूबेशन और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने एमओयू साइन किया है। बिहार में एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (एआईसीओई) बनाने के लिए 60 करोड़ और आईआईटी पटना में रिसर्च पार्क बनाने के लिए 250 करोड़ रुपए के समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। बिहार एआई सीओई स्थापित करने के लिए टाइगर एनालिटिक्स इंडस्ट्री पार्टनर बनेगा, जबकि आईआईटी पटना एकेडमिक पार्टनर होगा।
इसके अलावा, बिहार जीसीसी पॉलिसी 2026 और बिहार आईटी पॉलिसी 2024 के तहत मशहूर जीसीसी इकाइयों और आईटी इकाइयों जैसे रेड साइबर (103 करोड़), ग्रो क्यूआर (30 करोड़), सीआईपीएल (25 करोड़) आदि के साथ भी एमओयू हुआ है। बिहार सरकार के इस फैसले से तकनीकी क्षेत्र में राज्य में 10,000 से भी अधिक नई नौकरियों के अवसर बनेंगे। वहीं, 50 हजार से अधिक युवाओं को एआई से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए स्किल डेवलपमेंट की ट्रेनिंग मिल सकेगी।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट और एक्सपो में बिहार स्टेट पवेलियन का उद्घाटन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, राज्य की सूचना प्रावैधिकी मंत्री श्रेयसी सिंह, उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत व अन्य वरीय अधिकारी, आईआईटी पटना के निदेशक प्रोफेसर टीएन सिंह भी मौजूद रहे।
135 देशों के प्रतिनिधि आए
पांच दिवसीय समिट में 100 से भी अधिक टेक्नोलॉजी कंपनियों के सीईओ और 135 से अधिक देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। 20 से ज्यादा राष्ट्राध्यक्ष और 50 से ज्यादा देशों के मंत्री भी शिरकत कर रहे हैं। बिहार सरकार ने पिछले दिनों ही जीसीसी पॉलिसी और सेमीकंडक्टर पॉलिसी को मंजूरी दी है। इसका मकसद बिहार को पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के लिए ग्लोबल टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करना है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
