पटना सिटी में बाइक ने महिला दरोगा को मारी टक्कर:गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर
पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने स्कूटी सवार महिला दरोगा को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पटना सिटी के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
यह घटना खाजेकला घाट के पास हुई। खाजेकला थाना में पदस्थापित महिला दरोगा भारती कुमारी अपनी स्कूटी से ड्यूटी के लिए थाने आ रही थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भारती कुमारी दूर जा गिरीं और अचेत हो गईं।
आरोपी की बाइक भी जब्त
घटना की सूचना मिलते ही खाजेकला थाना के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि बाइक सवार युवक को हिरासत में ले लिया गया है और उसकी बाइक जब्त कर ली गई है। उन्होंने यह भी बताया कि महिला दरोगा भारती कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनके एक हाथ की हड्डी टूट गई है।
समाचार लिखे जाने तक डॉक्टर भारती कुमारी को होश में लाने का प्रयास कर रहे थे। खाजेकलां थानाध्यक्ष विद्यानंद वर्मा ने पुष्टि की कि पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
