Samastipur

समस्तीपुर:शोभा यात्रा के साथ गायत्री महायज्ञ का हुआ शुभारंभ

समस्तीपुर।बिथान . गायत्री प्रज्ञा पीठ बिथान के तत्वावधान में मंगलवार को बिथान में 24 लाख गायत्री मंत्र जप वाले भव्य गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा, आस्था और उत्साह के वातावरण में हुआ. महायज्ञ की शुरुआत 1100 कन्याओं की भव्य शोभा यात्रा के साथ की गई. जिसने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

शोभा यात्रा गायत्री मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर बिथान बाजार, गोलंबर चौक, थाना रोड, दुर्गा मंदिर रोड, स्टेशन रोड सहित पूरे नगर का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची. सिर पर कलश धारण किये, केसरिया एवं पारंपरिक वेशभूषा में सजी 1100 कन्याओं की कतारें, हाथों में ध्वज-पताकाएं और गायत्री मंत्रों के सामूहिक उच्चारण से नगर का वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो उठा. मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया. गायत्री मंदिर परिसर में आज से चार दिवसीय 24 लाख जप अनुष्ठान भी प्रारंभ हो गया है, जो 1 जनवरी से 4 जनवरी तक लगातार चलेगा. जप के साथ यज्ञ, प्रवचन एवं साधना सत्रों का भी आयोजन किया जा रहा है. जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं.

 

 

आयोजकों के अनुसार इस महायज्ञ का उद्देश्य समाज में नैतिकता, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार करना है. महायज्ञ एवं शोभा यात्रा के आयोजन में गायत्री परिवार की टोली के सच्चिदानंद बाबू, नरेन्द्र विद्यार्थी, डॉ. डीएन यादव, रामानंद राय, जीवछ साह, रंजीत कुमार सहित गायत्री परिवार के ट्रस्टी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में बिथानवासी सक्रिय रूप से शामिल रहे. पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया. नगरवासियों में इस भव्य आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया. चार दिनों तक चलने वाले इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में सहभागिता के लिए श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!