समस्तीपुर एसपी के नेतृत्व में अच्छा कार्य कर रही है पुलिस : डीआईजी
समस्तीपुर.भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती समारोह में सीएम के संभावित आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लेने को मिथिला प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी शनिवार की शाम कर्पूरीग्राम पहुंचे। वह दरभंगा से कल्याणपुर-पूसा के रास्ते कर्पूरीग्राम पहुंचे थे। यहां एसपी अरविंद प्रताप सिंह द्वारा उनका स्वागत किया गया।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इसके बाद वह पुलिस ऑफिस पहुंचे जहां उन्होंने जिले के सभी डीएसपी स्तरीय व अंचल निरीक्षकों के साथ बैठक की। इस दौरान सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पाण्डेय, मुख्यालय डीएसपी कृष्ण कुमार दिवाकर, लाइन डीएसपी नरेंद्र शर्मा, ट्रैफिक डीएसपी आशीष राज व साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। वहीं, मीडिया से बात करते हुए डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि अपने पदस्थापन के बाद वह पहली बार समस्तीपुर आए हैं। एसपी अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व जिले की पुलिस अच्छा कार्य कर रही है। यहां पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधि व्यवस्था व अपराध अनुसंधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है।