तीन नाबालिग बहनों को सकुशल बरामद किया गया:लापता हुई थीं बच्चियां
बेगूसराय।बखरी थाना पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई है। बखरी थाना क्षेत्र के अकहा गांव से लापता हुई तीन नाबालिग बहनों को पुलिस टीम ने कुछ ही दिनों में सकुशल बरामद कर लिया। बच्चियों की सुरक्षित वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, अकहा गांव निवासी फिरोज आलम की तीन बेटियां अतयब तुबा, आसिया और अतिकी शनिवार को बिना बताए घर से कहीं चली गई थीं। परिजनों ने बखरी थाना में इसकी सूचना दी और आवेदन दिया।पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करते हुए थाना कांड संख्या 03/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सूचना संकलन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चियों को नगर परिषद क्षेत्र के मक्खाचक से सकुशल बरामद कर लिया।
थाना प्रभारी शलैन्द्र कुमार ने बताया कि नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय किया गया और हर संभावित पहलू पर गंभीरता से जांच की गई। उन्होंने पुष्टि की कि बच्चियां पूरी तरह सुरक्षित हैं।विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत तीनों को बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसे मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
