चोरी का विरोध किया, पति ने सिर फोड़ा:समस्तीपुर में महिला बोली- नशा करता है पति
समस्तीपुर में चोरी का विरोध करने पर एक पति ने अपनी पत्नी को कथित तौर मारपीट कर घायल कर दिया और उसे एक जुगाड़ गाड़ी के नीचे धकेल दिया। घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना हलई थाना क्षेत्र के कुमैया गांव में हुई। घायल महिला की पहचान 29 साल की रूमा देवी के रूप में की गई है। रूमा देवी ने बताया कि उनकी शादी 2010 में पंकज कुमार से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं – शिवानी कुमारी (12), शिवांगी कुमारी (7) और सूरज कुमार (4)।
रूमा देवी के अनुसार, उनके पति पंकज कुमार पहले ड्राइवरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पिछले दो साल से वे नशे के आदी हो गए हैं और गांव में ही रहते हैं। नशे की लत के कारण वे गांव में बकरियां, खस्सी, घर और दुकानों से चोरी करते थे।
मारपीट में पत्नी का सिर फटा
ग्रामीणों की ओर से चोरी की शिकायतें रूमा देवी के पास आती थीं। जब रूमा देवी ने अपने पति की चोरी का विरोध किया, तो पंकज कुमार नाराज हो गए। उन्होंने रूमा देवी के साथ मारपीट की, जिससे उनका सिर फट गया। इसके बाद उन्होंने रूमा देवी को सड़क पर आ रही एक जुगाड़ गाड़ी के नीचे धकेल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।रूमा देवी ने पहले स्थानीय स्तर पर अपना इलाज कराया, लेकिन बेहतर उपचार के लिए अपनी बेटी के साथ सदर अस्पताल पहुंचीं। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉ. वीरेंद्र झा की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने बताया कि महिला के सिर में चोट आई है और कई टांके लगे हैं। उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है, जिसके बाद आगे का इलाज किया जाएगा।
आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर ने इस घटना की सूचना नगर थाने की पुलिस को दे दी है। नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल से सूचना उन्हें मिली हुई है नगर थाने में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी हरी लाल यादव को सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में घायल महिला का फर्द व्यान लेने को लेकर भेजा जा रहा है। बयान लिए जाने के बाद कार्रवाई को लेकर संबंधित थाने भेज दिया जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
