जल्द डिमार्केशन कर दलसिंहसराय के 32 नंबर रेलवे गुमटी ओवरब्रिज निर्माण में लाएं तेजी:DM
दलसिंहसराय शहर के 32 नंबर रेलवे गुमटी पर बन रहे रोड ओवरब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण बुधवार को जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने किया.निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने आरओबी निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और अप्रोच पथ निर्माण में हो रही विलंबता पर एसडीओ से विचार विमर्श किया.उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चार दिनों के भीतर भूमि सीमांकन (डिमांरकेशन) की प्रक्रिया पूरी कर कार्य स्थलों पर स्पष्ट निशान लगाए जाएं ताकि निर्माण कार्य को गति दी जा सके.
डीएम ने कहा कि 5.5 मीटर चौड़ाई वाले अप्रोच पथ का निर्माण यातायात के दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक है,जिससे शहर की भीड़भाड़ कम होगी और आवागमन सुचारू रहेगा. उन्होंने भू अर्जन से संबंधित मामलों को शीघ्र निपटाने पर बल दिया.इस दौरान कई भू-स्वामियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मुआवजे से संबंधित बातें रखी.जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि सभी पात्र भू-स्वामियों को नियमों के अनुसार समान मुआवजा दिया जाएगा.
उन्होंने एसडीओ को निर्देशित किया कि मुआवजा निर्धारण एवं भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए ताकि किसी को भी भेदभाव का सामना न करना पड़े.
डीएम ने कहा आरओबी का निर्माण क्षेत्र के विकास की दृष्टि से प्राथमिकता वाला प्रोजेक्ट है.इसके पूरा होने से दलसिंहसराय शहर के अंदर और बाहर का संपर्क बेहतर होगा तथा रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन निर्माण कार्य की प्रगति पर लगातार निगरानी रखेगा और देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब-तलब भी किया जाएगा.इस दौरान पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता भानु प्रताप सिंह,एसडीओ किशन कुमार,डीएसपी विवेक कुमार शर्मा,डीसीएलआर प्रशांत रमानिया, सीओ नेहा कुमारी सहित राजस्व विभाग के अमीन एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
