स्टेशन पर गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा:GRP की तत्परता से अस्पताल में बच्चे का जन्म
पटना।मोतिहारी बापूधाम रेलवे स्टेशन पर जीआरपी इंस्पेक्टर अनिल सिंह की त्वरित कार्रवाई से एक गर्भवती महिला ने अस्पताल में स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। यह घटना दिल्ली से मुजफ्फरपुर आ रही सप्तक्रांति एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12558) में हुई, जब महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
सूचना मिलते ही जीआरपी इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बिना देर किए ट्रेन को मोतिहारी स्टेशन पर रुकवाया। उन्होंने तत्काल सदर अस्पताल को सूचित किया और महिला को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया। फिलहाल, जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पति का पांच महीने पहले निधन
मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले की पिंकी कुमारी उर्फ फूल (19) अपने मायके खमाई पटी लौट रही थीं। उनके पति छोटू कुमार का पांच महीने पहले निधन हो चुका है। पति की मौत के बाद पिंकी दिल्ली में मजदूरी कर रही थीं और अपनी मां आमना खातून व पिता के साथ घर लौट रही थीं।ट्रेन में पिंकी की हालत बिगड़ते देख सहयात्रियों ने शोर मचाया, जिसके बाद रेल पुलिस हरकत में आई। जीआरपी इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही ट्रेन को स्टेशन पर रोका गया। 108 एम्बुलेंस महज 8 मिनट में स्टेशन पहुंच गई और महिला को सदर अस्पताल ले जाया गया।
करीब 30 मिनट में सफल डिलीवरी कराई
सदर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि यह एक आपातकालीन स्थिति थी। अस्पताल की प्रसव विशेषज्ञ टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब 30 मिनट में सफल डिलीवरी कराई। नवजात बेटे का वजन 2.9 किलोग्राम है और मां-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।पिंकी की मां आमना खातून ने भावुक होते हुए रेल पुलिस, एम्बुलेंस सेवा और डॉक्टरों की तत्परता के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ट्रेन में बेटी की हालत देखकर उन्हें अनहोनी का डर सताने लगा था, लेकिन सबकी मदद से सब ठीक हो गया। स्थानीय लोग भी इस पूरे घटनाक्रम की सराहना कर रहे हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
