जीवित व्यक्ति को मृत घोषित किया गया:पंचायत के दो बुजुर्गों का पेंशन रुका
मुजफ्फरपुर जिले के पारू प्रखंड में सरकारी रिकॉर्ड की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जफरपुर पंचायत के फुलर गांव निवासी शकुनी पासवान और किसुनी देवी को जीवित रहते हुए भी मृत घोषित कर दिया गया है। इस त्रुटि के कारण उन्हें कई महीनों से वृद्धा पेंशन नहीं मिल पा रही है।
जानकारी के अनुसार, शकुनी पासवान और किसुनी देवी का वृद्धा पेंशन नवंबर माह से रुका हुआ है। पहले उनका खाता वेरिफाई नहीं होने को कारण बताया गया था, लेकिन दिसंबर माह में उन्हें सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया, जिसके बाद से उनका भुगतान पूरी तरह रोक दिया गया है।
पेंशन न मिलने से परेशान इन बुजुर्गों ने अपनी समस्या लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजीत कुमार और पारू प्रमुख मधुमाला कुमारी से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया और अपनी परेशानी बताई।
बीडीओ अजीत कुमार ने बुजुर्गों को आश्वासन दिया है कि उनकी समस्या का समाधान जल्द से जल्द कराया जाएगा और उनकी वृद्धा पेंशन फिर से शुरू कर दी जाएगी। हालांकि, कई महीनों से पेंशन न मिलने के कारण शकुनी पासवान और किसुनी देवी को काफी आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
