ट्रेन से शराब तस्करी करती महिला गिरफ्तार: महिलाओं का गिरोह एक साल से कर रहा था सप्लाई
पटना.जमुई जिले में शराब तस्करी के एक संगठित महिला गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। जमुई जीआरपी ने बुधवार को पटना-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस से झारखंड के धनबाद से शराब की तस्करी कर रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जमुई रेलवे स्टेशन पर की गई।
जीआरपी थाना प्रभारी मनोज देव के नेतृत्व में महिला और पुरुष जवानों की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में प्लेटफॉर्म नंबर-1, प्रवेश और निकास बिंदुओं पर निगरानी की। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर रुकी, शराब से भरा बैग लेकर उतर रही महिला को जीआरपी जवानों ने घेरकर पकड़ लिया। हालांकि, उसकी अन्य साथी भागने में सफल रहीं।
गिरोह में 6 महिलाएं शामिल
गिरफ्तार महिला की पहचान धनबाद (झारखंड) निवासी रूपा कुमारी, पति ओमप्रकाश कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान रूपा कुमारी ने खुलासा किया कि इस गिरोह में आधा दर्जन से अधिक महिलाएं और युवतियां शामिल हैं। गिरोह की मुख्य सरगना धनबाद निवासी खुशबू देवी है, जो रिश्ते में उसकी बुआ लगती है।यह गिरोह बीते एक साल से झारखंड और पश्चिम बंगाल से शराब मंगवाकर जमुई, झाझा, गिद्धौर, चकाई, मंझवे सहित जिले के विभिन्न इलाकों में सप्लाई कर रहा था। गिरोह की रणनीति थी कि महिला होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों को उन पर कम शक होगा, जिससे वे लंबे समय तक तस्करी करती रहीं। प्रत्येक खेप पहुंचाने पर तस्करों को 2 से 5 हजार रुपये दिए जाते थे।
पुलिस को देखकर तस्कर फरार
बुधवार को भी जमुई में शराब लेने के लिए ब्लैक पल्सर और ब्लू अपाचे से स्थानीय तस्कर पहुंचे थे, लेकिन पुलिस को देखकर वे फरार हो गए। जीआरपी थाना प्रभारी मनोज देव ने बताया कि महिला जवान जुली कुमारी, मुस्कान कुमारी, अनु कुमारी, प्रेरणा सिंह, रीता देवी सहित पुरुष जवानों के साथ चलाए गए इस हाईटेक निगरानी ऑपरेशन में यह सफलता मिली है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
