Dalsinghsarai

सरदारगंज चौक पर ट्रक की चपेट में आने से मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने वाहन को किया क्षतिग्रस्त,पुलिस पर भड़की भीड़

दलसिंहसराय,शहर के सरदारगंज चौक एनएच 28 पर नगरगामा पंचायत के मधेपुर वार्ड संख्या 13 निवासी स्व. टेकने प्रसाद के पुत्र खाद व्यवसाई उत्तम प्रसाद (65 वर्ष) की सड़क हादसे में मौत हो गई.शनिवार की सुबह वह अपने घर से ई-रिक्शा से चौक पर आये और उतरकर अपने दुकान की ओर जा रहे थे.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

इसी दौरान बरौनी की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया.हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. व्यवसायी की दर्दनाक मौत की खबर फैलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.

 

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,उत्तम प्रसाद सड़क पार कर रहे थे, तभी बरौनी की दिशा से आ रही ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया.दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सरदारगंज चौक को पूरी तरह जाम कर दिया.एनएच-28 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा,जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

 

 

 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क पर लगाई गई बेरीकेटिंग हटाने और मछली बाजार को साइड में करने, सड़क पर लगने वाले ई रिक्शा व टेम्पू को हटाने की मांग उठाई.उनका कहना था कि चौक पर रोजाना जाम और अव्यवस्था के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है.पिछले दिनों ही बेरीकेटिंग के कारण एक बस चालक की मौत हो गई थी.

घटना से आक्रोशित लोगों ने नगर परिषद की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.गाड़ियों के शीशे और हेडलाइट पर ईंट फेंककर तोड़ दिए.भीड़ ने कुछ देर के लिए पुलिस बल को भी खदेड़ दिया.घटना की जानकारी मिलते ही दलसिंहसराय थानाध्यक्ष मो इरशाद आलम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आक्रोशित भीड़ का सामना उन्हें भी करना पड़ा.

 

 

 

तत्पश्चात दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा, बीडीओ राजीव कुमार और अन्य वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम समाप्त करवाया गया और स्थिति सामान्य करते हुए शव को पोस्टमार्टम में भेजनें की प्रक्रिया में जुट गए.

डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है.उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की बेरीकेटिंग हटाने की मांग पर विचार किया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके.

 

 

 

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन से सरदारगंज चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की मांग की है.उन्होंने कहा कि चौक की अव्यवस्थित स्थिति और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यह इलाका लगातार हादसों होते रहते है.नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि चौक के आसपास के अस्थायी ठेले एवं बाजार को व्यवस्थित करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी.देर शाम तक उनके घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!