समस्तीपुरसदर अस्पताल में ग्राउंड से सेकंड फ्लोर तक प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग,तीसरे और चौथे पर शिशु का इलाज
समस्तीपुर.सदर अस्पताल परिसर में नवनिर्मित एमसीएच भवन में विभिन्न विभागों के संचालन को लेकर गठित टीम ने भवन का निरीक्षण कर यह तय किया है कि कौन-सा विभाग किस तल पर संचालित होगा। सदर अस्पताल के डीएस डॉ गिरीश कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने एमसीएच भवन का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इकाइयों के संचालन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। निरीक्षण के बाद टीम ने जो रिपोर्ट सिविल सर्जन डॉ एसके चौधरी को सौंपा है उसके अनुसार, एमसीएच भवन के भूतल, प्रथम एवं द्वितीय तल पर निबंधन, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग का संचालन किया जाएगा।
वहीं, तृतीय एवं चतुर्थ तल को शिशु एवं नवजात शिशुओं से संबंधित सेवाओं के लिए चिन्हित किया गया है, जहां एसएनसीयू, पीकू तथा प्रसव उपरांत नवजात देखभाल से जुड़ी इकाइयां संचालित होंगी। बता दें कि सदर अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सकों व कर्मियों की एक टीम गठित करते हुए आदेश दिया गया था कि विभिन्न यूनिटों का शिफ्टिंग होना है।
शिफ्टिंग हेतु गठित टीम में सदर अस्पताल के डीएस डॉ गिरीश कुमार, हॉस्पिटल मैनेजर सन्नी दयाल राय, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ नागमणि राज व डॉ आशुतोष कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ मंजुला भगत, फार्मासिस्ट शैलेश कुमार, वरीय लेखापाल प्रीतम कुमार, लेबर रूम इंचार्ज उषा कुमारी, ओटी इंचार्ज शारदा कुमारी, एएनसी/पीएनपी इंचार्ज पुष्पलता कुमारी, एसएनसीयू इंचार्ज कुमारी शशि प्रभा, पोस्ट ऑपरेटिव इंचार्ज नेहा कुमारी, पीकू इंचार्ज नताशा एवं डाटा ऑपरेटर कुमार शानू शामिल थे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
