द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली में दिया अवॉर्ड,71.75% वोटिंग कराने वाले समस्तीपुर के DM को राष्ट्रपति सम्मान
समस्तीपुर.बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल, पारदर्शी और प्रभावी संचालन के लिए समस्तीपुर के डीएम और जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा को विशेष सम्मान मिला है। आज दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन्हें सम्मानित किया है।
बता दें कि समस्तीपुर जिले ने विधानसभा चुनाव में इतिहास बनाया था। यहां सबसे अधिक 71.75% मतदान हुआ था। डीएम ने 2 महीने पहले से ही जिले में जागरूकता अभियान चलाना शुरू कर दिया था।डीएम को अवॉर्ड मिलने से जिले के अधिकारियों के लिए हर्ष का माहौल है। बता दें कि कर्पूरी जयंती समारोह खत्म होते ही डीएम विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।
बता दें कि रोशन कुशवाहा साल 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह पहली बार बेगूसराय के डीएम बनाए गए थे। जिसके बाद वह भोजपुर के भी डीएम बनें। 3 सितंबर 1987 को जन्मे रोशन कुशवाहा बीटेक इंजीनियर है। उन्होंने आईआईटी रुड़की से बीटेक किया है। समस्तीपुर में सितंबर 2024 से जिलाधिकारी के रूप में काम कर रहे हैं।
रियल टाइम चुनाव काम की मॉनिटरिंग की
डीएम को यह अवॉर्ड रियल टाइम चुनाव काम की मॉनिटरिंग और उत्कृष्ट चुनाव प्रबंधन के लिए दिया गया है। इसके साथ ही यह सम्मान निर्वाचन प्रक्रिया में तकनीक के नए उपयोग, मजबूत निगरानी व्यवस्था, समयबद्ध निर्णय प्रणाली और शांतिपूर्ण मतदान व मतगणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए दिया गया।डीएम कुशवाहा के नेतृत्व में समस्तीपुर जिले में चुनाव से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की गई, जिससे किसी भी स्थिति पर तुरंत नियंत्रण और त्वरित समाधान संभव हो सका।
बिहार राज्य का भी नाम गौरवान्वित हुआ
निर्वाचन आयोग व राज्य प्रशासन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि समस्तीपुर मॉडल ने चुनाव प्रबंधन में तकनीक और प्रशासनिक समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसे अन्य जिलों के लिए भी आदर्श माना गया है।राष्ट्रीय स्तर के सम्मान से समस्तीपुर जिला ही नहीं, बल्कि बिहार राज्य भी नाम गौरवान्वित हुआ है। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने रोशन कुशवाहा को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
दो महीने पहले से शुरू किया जागरूकता कार्यक्रम
जिले में चुनाव की सुगबुगाहट के साथ ही मतदाता जागरूकता को लेकर विभिन्न स्तरों पर जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया था। जिसका परिणाम हुआ कि पिछले विधानसभा चुनाव में समस्तीपुर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में रिकॉर्ड मतदान हुआ। महिलाओं ने रिकॉर्ड मतदान किया। समस्तीपुर ओवर ऑल 71.75 फीसदी मतदान हुआ। जो अबतक के इतिहास में सर्वाधिक है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
