दलसिंहसराय:मनोरंजन गिरी हत्या कांड में एसटीएफ ने आरोपी ऋतिक गिरी को उठाया
दलसिंहसराय,अनुमंडल क्षेत्र के उजियारपुर थाने के करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरी हत्या कांड में नामजद आरोपी ऋतिक कुमार गिरी को पटना में एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है. इस मामले में ऋतिक का भाई शनि गिरी पहले से ही न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है. सम्बंधित थाना कांड संख्या 253/25 में आरोपित ऋतिक को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी थी.
बताते चले कि शनि व ऋतिक के भाई विक्रम गिरी की पूर्व में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हत्या को लेकर दर्ज प्राथमिकी में मुखिया मनोरंजन गिरी का भी नाम आया था.हालांकि सितंबर 25 में मुखिया मनोरंजन गिरी की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.ऋतिक के अधिवक्ता दीपक कुमार चौधरी ने बताया कि ऋतिक की तरफ से कोर्ट में दाखिल अग्रिम जमानत आवेदन पर एडीजे कोर्ट से 10 जनवरी तक गिरफ्तारी पर रोक का आदेश था.इसके बाद वह कोर्ट में या पुलिस के समक्ष सरेंडर करता इससे पूर्व बुधवार को ही एसटीएफ ने पटना में उसे दबोच लिया.
मामले में एक अन्य आरोपी सातनपुर निवासी मो. इम्तियाज ने 11 जनवरी को बाढ़ थाना में पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया था.माना जा रहा है कि मुखिया हत्याकांड में पुलिस दवाब एवं पुलिस की सक्रियता के कारण ही नामजद आरोपी लंबे समय तक पुलिस को चकमा देने में कामयाब नहीं हो सके.ऋतिक का एसटीएफ के हत्थे चढ़ने से एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने भी इंकार नहीं किया है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
