समस्तीपुर में एलएनएमयू के कुलपति का पुतला फूंका:पोस्ट ग्रेजुएशन के एडमिशन में गड़बड़ी..
समस्तीपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने पोस्ट ग्रेजुएशन ऑनलाइन स्पॉट नामांकन में हुई व्यापक गड़बड़ी के विरोध में स्थानीय बलिराम भगत कॉलेज के मेन गेट पर ललित नारायण मिथिला यूनिवर्सिटी (LNMU) के कुलपति का पुतला दहन किया। बाद में कार्यकर्ताओं ने प्रिंसिपल के माध्यम से कुलपति को एक मांग पत्र भी सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर सह मंत्री अमृत झा ने किया।
इससे पहले एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने पोस्ट ग्रेजुएशन में स्पॉट नामांकन के नाम पर छात्रों का आर्थिक शोषण बंद करो जैसे नारे भी लगाए।
विद्यार्थी परिषद के प्रांत सह मंत्री अनुपम कुमार झा ने बताया कि जिस प्रकार से ऑनलाइन स्पॉट नामांकन का पोर्टल खोलते ही सभी विषयों में एवं सभी महाविद्यालय में जीरो सीट दिखाया गया। इससे साफ प्रतीत होता है कि यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट की मिली भगत से दलालों के माध्यम से सारे सीटों पर मोटी रकम लेकर नामांकन करवाया गया है। उन्होंने कहा कि ये मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे विद्यार्थी परिषद कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम लोग यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट से ये मांग करते हैं कि इस पूरे मामले की जांच करवाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। छात्रों के बीच जो असमंजस और ऊहापोह की स्थिति है उस पर यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट स्थिति स्पष्ट करे।जिला संयोजक केशव माधव ने बताया कि स्पॉट नामांकन में भी मार्क्स के आधार पर मेरिट लिस्ट जारी किया जाए ताकि मेधावी छात्रों का ही नामांकन हो सके। जिला सहसंयोजक शुभम कुमार ने बताया कि अगर हमारी मांगों को नहीं सुना गया तो विद्यार्थी परिषद् चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ करेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
