वंदे भारत,अमृत भारत मेमू व डेमू रैकों का नियमित निरीक्षण समस्तीपुर में होगा
समस्तीपुर.यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में कोचिंग स्टॉकों की संरक्षा सुनिश्चित करने हेतु 15 दिवसीय सघन संरक्षा अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत कोचों की गहन तकनीकी जांच कर संभावित खामियों की पहचान और त्वरित सुधार किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत एलएचबी, आईसीएफ, वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, नमो भारत एक्सप्रेस, मेमू एवं डेमू कोचों की विशेष रूप से सघन जांच की जा रही है। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार अंडरगियर परीक्षण, ट्रेन पार्टिंग की रोकथाम और कोचों में अग्नि सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अंडरगियर जांच के दौरान बोगी, अंडरफ्रेम, फास्टनर्स, पाइप, जॉइंट्स सहित सभी अवयवों की मानक प्रक्रिया के अनुसार जांच की जा रही है। पिटलाइन एवं सिकलाइन पर वेल्डिंग क्रैक, जंग, फास्टनर्स की कसावट, एक्सल बॉक्स, सस्पेंशन सिस्टम, एयर स्प्रिंग, एयर ब्रेक तथा डब्ल्यूएसपी सिस्टम की कार्यशीलता की भी गहन जांच हो रही है। असुरक्षित पाए जाने वाले कोचों को तत्काल सेवा से अलग किया जा रहा है। ट्रेन पार्टिंग की रोकथाम के लिए पारंपरिक कोचों में स्क्रू कपलिंग की स्थिति, जबकि एलएचबी कोचों में सीबीसी कपलर की लॉकिंग, स्टिफनर प्लेट्स और माउंटिंग बोल्ट्स की जांच की जा रही है।
वंदे भारत और अमृत भारत कोचों में सेमी-ऑटोमैटिक या सेमी-परमानेंट कपलर्स की सही सेटिंग और टॉर्क मार्किंग की भी जांच सुनिश्चित की जा रही है।अग्नि सुरक्षा के तहत पैंट्री कार और पावर कार में फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम तथा कोचों में फायर एवं स्मोक डिटेक्शन सिस्टम की कार्यशीलता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही बैटरियों की स्थिति, अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता, वेंट्स व जंक्शन बॉक्स की सफाई तथा ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थों के अनधिकृत परिवहन की रोकथाम के लिए भी अभियान चलेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
