मुजफ्फरपुर में 2 वकीलों के बीच मारपीट:क्लाइंट को लेकर हुआ था विवाद, वीडियो वायरल
मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट परिसर में सोमवार देर शाम दो वकीलों के बीच जमकर मारपीट हुई है। क्लाइंट(मुवक्किल) को अपने पक्ष में करने को लेकर बीच विवाद हुआ था। मारपीट का वीडियो सामने आया है। जिसमें दोनों वकील हाथापाई और धक्का-मुक्की करते दिख रहे हैं। इस मामले में जिला बार एसोसिएशन की ओर से शोकॉज नोटिस जारी किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। कोर्ट परिसर में अचानक हुई इस झड़प से वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई। अन्य अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। जानकारी मिलने पर अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले को सुलझाने में मदद की।
सख्त कार्रवाई की जाएगी
मारपीट मामले में जिला बार एसोसिएशन के सदस्य सह अधिवक्ता अमित रंजन और शिव कुमार गुप्ता को नोटिस जारी किया गया है। इस संबंध में एसोसिएशन की सहायक सचिव सह नोटरी मजिस्ट्रेट श्वेता कुमारी ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। वीडियो वायरल होने पर नोटिस दिया है। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।हालांकि, इस मामले में अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। अधिवक्ताओं ने आपसी समन्वय से मामले को सुलझाने का प्रयास किया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
