समस्तीपुर समेत 9 जिलों में ‘मुस्कान कार्यक्रम’ की होगी शुरुआत,शिशु मृत्युदर में कमी आएगी
समस्तीपुर.शिशु मृत्युदर में कमी लाने के उद्देश्य से समस्तीपुर सहित राज्य के 9 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ‘मुस्कान कार्यक्रम’ की शुरुआत की जा रही है। मुस्कान कार्यक्रम के अंतर्गत जिला अस्पताल से लेकर प्रखंड स्तर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक को शामिल किया जाएगा। हालांकि सबसे पहले जिला अस्पतालों में इस योजना को लागू किया जाएगा। इसके लिए संस्थान व जिला स्तर पर विशेष क्वालिटी टीम का गठन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसको लेकर एक विस्तृत गाइडलाइन भी जारी की गई है। इसके तहत 0 से 12 वर्ष तक के बच्चों को दी जाने वाली सेवाओं में व्यापक सुधार किया जाएगा।
इसमें नवजात, शिशु और बच्चों को बीमार होने से रोकने व उनकी मृत्यु दर को कम करने का लक्ष्य है। बता दें सदर अस्पताल स्थित एसएनसीयू में नवंबर महीने में 79, पीकू वार्ड में 64 एवं एनआरसी में तीन बच्चों को भर्ती कर उनका उपचार किया गया। मुस्कान कार्यक्रम के तहत चार विभागों एसएनसीयू, एनआरसी, शिशु ओपीडी और पीकू वार्ड को व्यवस्थित और सुदृढ़ किया जाएगा। इसमें क्लिनिकल प्रोटोकॉल का पालन, संक्रमण नियंत्रण, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता, रोगों की त्वरित पहचान और उपचार, दस्तावेज संधारण आदि को सुनिश्चित करना शामिल है। इसके लिए जिला और संस्थान स्तर पर विशेष क्वालिटी टीम का गठन किया जाएगा।
जिला स्तर पर सिविल सर्जन की अध्यक्षता में जिला क्वालिटी टीम का गठन होगा, जिसमें जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला गुणवत्ता सलाहकार, जिला बाल स्वास्थ्य अधिकारी, गुणवत्ता नोडल अधिकारी, नर्सिंग अधिकारी और बायोमेडिकल इंजीनियर शामिल रहेंगे। यह टीम जिले के सभी अस्पतालों में मुस्कान पहल के क्रियान्वयन की निगरानी और मार्गदर्शन करेगी। वहीं, अस्पताल स्तर पर मुस्कान क्वालिटी टीम में अस्पताल प्रभारी, बाल रोग विशेषज्ञ या चाइल्ड हेल्थ मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग प्रभारी, स्टाफ नर्स या एएनएम, काउंसलर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, फार्मासिस्ट, स्वच्छता व संक्रमण नियंत्रण कर्मी और क्वालिटी नोडल अधिकारी शामिल होंगे। यह टीम मासिक समीक्षा करेगी, कमियों की पहचान करेगी और सुधार कार्यों को क्रियान्वित करेगी। राज्य स्तर पर एनएचएम के मिशन निदेशक की अध्यक्षता में राज्य गुणवत्ता आश्वासन समिति गठित की जाएगी।
^मुस्कान कार्यक्रम के लिए जिला और संस्थान स्तर पर क्वालिटी टीम का गठन किया जा रहा है। – डॉ एसके चौधरी, सिविल सर्जन, समस्तीपुर
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
