पेट्रोल पंप पर लूट,1.15 लाख नकद और मोबाइल छीने:पहले 3500 रुपए के डीजल भरवाए, फिर वारदात
बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र में भरकहा चौक स्थित भव्य श्री बायोफ्यूल पेट्रोल पंप पर 21 दिसंबर की देर रात लूट की वारदात हुई। नकाबपोश बदमाशों ने नोजल मैन से लगभग 1.15 लाख रुपए नकद और दो मोबाइल फोन छीन लिए।
चालक ने 3500 रुपए के तेल भरवाए, फिर पिस्तौल लहराते हुए की वारदात
पेट्रोल पंप पर नोजल मैन अभिनव कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि देर रात करीब 2 बजे रोसड़ा की ओर से एक सफेद रंग की एसयूवी गाड़ी आई। चालक ने 3500 रुपए का डीजल भरने को कहा।जैसे ही डीजल भरा गया, गाड़ी की अगली सीट से एक नकाबपोश बदमाश चाकू लेकर निकला। इसके बाद तीन अन्य बदमाश लाठी और पिस्तौल लहराते हुए बाहर आ गए।
उन्होंने अभिनव कुमार की जेब से दिनभर की बिक्री के लगभग 70,000 रुपए और एक मोबाइल फोन लूट लिया।
इसके बाद बदमाशों ने दूसरे नोजल मैन आशीष कुमार से, जो सो रहा था, 45,000 रुपए और एक मोबाइल छीन लिया। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और फिर अपनी गाड़ी में बैठकर रोसड़ा की दिशा में फरार हो गए।
पीड़ित ने थाने में दी शिकायत
घटना के संबंध में नोजल मैन द्वारा शाम करीब 5 बजे चेरिया बरियारपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। थाना प्रभारी ज्योति कुमार बसु ने बताया कि केस संख्या 228/25 दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के अलावा वैज्ञानिक अनुसंधान भी कर रही है। घटना के विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और थाना प्रभारी ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
