महिलाओं की सुरक्षा को लेकर दलसिंहसराय में अभया ब्रिगेड की मुहिम की हुई शुरू
दलसिंहसराय,महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभया ब्रिगेड की शुरुआत की गई है.शुक्रवार को दलसिंहसराय के छात्रधारी इंटर विद्यालय से इस मुहिम का औपचारिक शुभारंभ किया गया.दलसिंहसराय थाने में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर राजलक्ष्मी कुमारी के नेतृत्व में महिला पुलिस कर्मियों की टीम ने शिक्षण संस्थानों का दौरा कर छात्राओं को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया.
थाना क्षेत्र में गठित इस विशेष टीम को महिला एसआई राजलक्ष्मी कुमारी के साथ एक महिला सिपाही और दो पुरुष सिपाहियों की जिम्मेदारी दी गई है.राजलक्ष्मी ने छात्राओं से बातचीत कर कहा कि अगर किसी प्रकार की शारीरिक, मानसिक या भावनात्मक प्रताड़ना का सामना करना पड़े तो हिचकिचाएं नहीं, तुरंत डायल-112 या सीधे उन्हें सूचना दें.सोशल मीडिया पर भी अगर इस तरह की बातें हो रही हो तो भी इसकी जानकारी दे सकते है.इसके लिए उन्होंने छात्राओं को अपना पर्सनल नंबर भी दिया.उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई करेगी.
अभया ब्रिगेड की विशेषता यह है कि यह टीम केवल वर्दी में गश्त तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सादे कपड़ों में भी क्षेत्र भ्रमण कर असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाएगी.छात्राओं से फीडबैक लेकर ऐसे स्थलों की पहचान की जा रही है जिन्हें ‘हॉटस्पॉट’ माना जा सकता है जैसे स्कूल-काॅलेज के आस-पास, सुनसान गलियां, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थान. इन क्षेत्रों में पुलिस अब विशेष निगरानी रखेगी. छात्रधारी इंटर विद्यालय की छात्रा कोमल कुमारी, सुनीता और सयाना प्रवीण ने बताया कि यह पहल छात्राओं को मानसिक रूप से अधिक सुरक्षित महसूस कराती है और असामाजिक तत्वों का सामना करने का आत्मविश्वास देती है.
डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि बढ़ते मामलों और प्राप्त शिकायतों को देखते हुए अभया ब्रिगेड को सक्रिय किया गया है.इसका मकसद है कि कोई भी लड़की डर या झिझक की वजह से चुप न रहे.पुलिस को शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.आने वाले दिनों में मुख्यालय की ओर से अभया ब्रिगेड को स्कूटी उपलब्ध कराने की योजना है,ताकि गश्त की गति और घटनास्थल पर पहुंचने की तत्परता सुनिश्चित की जा सके.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
