पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ,20 दिसंबर तक 7.06 लाख बच्चों को दो बूंद दवा देंगे
समस्तीपुर.सदर अस्पताल में मंगलवार को सिविल सर्जन डॉ. एसके चौधरी ने पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का उद्घाटन किया। इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल कुमार भी मौजूद रहे और उन्होंने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। यह अभियान जिले में 16 से 20 दिसंबर तक चलेगा। अभियान के तहत जिले के सभी 20 प्रखंडों और समस्तीपुर शहरी क्षेत्र में कुल 2440 टीमों को लगाया गया है, जो घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
सिविल सर्जन डॉ. एसके चौधरी ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। पड़ोसी देश में पोलियो वायरस के दोबारा सक्रिय होने की सूचना के बाद संभावित खतरे को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के आठ लाख 70 हजार 67 घरों तक स्वास्थ्य कर्मी पहुंचेंगे। लक्ष्य जन्म से पांच वर्ष तक के सात लाख छह हजार 602 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का है। इसके लिए 2069 होम टू होम टीम, 221 ट्रांजिट टीम, 94 मोबाइल टीम और 56 वन मैन टीम गठित की गई हैं।
अभियान को सफल बनाने में कर्मियों का सहयोग करें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रांजिट टीम बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएगी, ताकि बाहर से आने वाले 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे भी अभियान से वंचित न रहें। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 775 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम में सदर अस्पताल के डीएस डॉ. गिरीश कुमार, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ, यूनिसेफ के एसएमसी, यूएनडीपी के वीसीसीएम, डीएआईओ कार्यालय के डीईओ सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। सिविल सर्जन डॉ. एसके चौधरी ने आम जनता से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
