दलसिंहसराय में नववर्ष की शुरूआत पर जश्न की तैयारी,खास इंतजाम
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर.नव वर्ष के स्वागत एवं जश्न को यादगार बनाने तथा लोगों को स्वस्थ्य मनोरंजन का अवसर उपलब्ध कराने को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर तैयारी जोरों पर है। प्रखंड अंतर्गत हरपुर बोचहा स्थित प्रेमविहार मनरेगा पार्क, सिमरी पंचायत में स्थित सूर्यविहार पार्क तथा बढ़ौना पार्क में साज-सज्जा एवं रंग-रोगन का काम तेजी से किया जा रहा है। सबसे खास आयोजन नवनिर्मित बढ़ौना पार्क में किया जा रहा है। यह आयोजन यहां पहली बार किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नए साल का जश्न मनाने के लिए एक सुंदर और आकर्षक स्थान मिल सकेगा।
आयोजन के मद्देनजर पार्क में रंगीन लाइटें, फूलों की सजावट, झूले, मीना बाजार, विभिन्न खेल स्पर्धा, सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा अन्य आकर्षक चीजें लगाई जा रही हैं, जिससे लोगों को अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम में बच्चों एवं युवाओं को मनोरंजन के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आनंद लेने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।
बताया कि उद्घाटन समारोह के अवसर पर पार्क में मनोरंजन के लिए झूला, मीना बाजार, फिशिंग, फब्बारा एवं डीजे फ्लोर की व्यवस्था की गई हैं। साथ ही खेल मैदान में महिला फुटबॉल मैच एवं बढ़ौना एकादश एवं मीडिया एकादश के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया है। इसके अलावा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, बढ़ौना विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। खेल प्रतियोगिता का आयोजन भी इसी पार्क में होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों के प्रतिभा निखारने में काफी मदद मिलेगी। वहीं बुजुर्ग जो अब तक गांव के पगडंडियों और सम्पर्क मार्गों पर टहलना और व्यायाम करना पड़ता था अब वह इसी पार्क में टहलने के साथ व्यायाम भी कर सकेंगे।
बढ़ौना पंचायत के हाई स्कूल खेल मैदान के समीप मनरेगा, ग्राम निधि और पंचायत निधि से निर्मित पार्क का निर्माण पूरा हो चुका है। एक जनवरी को इस पार्क का उद्घाटन होना हैं। इसके बाद यह पार्क आम जनमानस को समर्पित कर दिया जायेगा। मुखिया लालबाबू दास ने बताया कि इन पार्क में बच्चों एवं युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का खास ध्यान रखा गया है। रनिंग ट्रैक, बैठने के लिए बेंच, बच्चों के लिए झूले और युवाओं के लिए ओपन जिम की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पौध रोपण कर पार्क को विकसित किया गया है, जो गांवों के सौंदर्यीकरण में भी योगदान दे रहे हैं। नए पार्क एवं खेल मैदान से गांव के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने में मदद मिलेगी। वहीं बुजुर्गों को सेहत संवारने के लिए व्यायाम आदि करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। ग्रामीण क्षेत्र का यह आधुनिक पार्क और खेल मैदान में बैडमिंटन कोर्ट, ओपेन जिम, सांस्कृतिक मंच, पुरुष व महिला शौचालय की सुविधा से परिपूर्ण है। मुखिया ने प्रखंड क्षेत्र के आम जनमानस से बढ़ौना पार्क आने का आग्रह किया है। माधव आनंद ने बताया कि बढ़ौना पंचायत के इतिहास में पहली बार एक जनवरी (नववर्ष) के मौके पर एक भव्य मेला एवं खेल- सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह बढ़ौना पार्क न केवल पंचायत के निवासियों के लिए है, बल्कि क्षेत्र के बच्चे और बुजुर्गों के लिए लाभदायक साबित होगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
