Begusarai

बखरी में लगाई गई महापंचायत:भू माफिया, अपराधी और पुलिस-प्रशासन गठजोड़ के खिलाफ लोग एकजुट

बेगूसराय।भूमाफिया, अपराधी और पुलिस-प्रशासन गठजोड़ के खिलाफ बखरी के कारगिल चौक पर सामाजिक संगठन जन पहल की ओर से महापंचायत का आयोजन किया गया। बखरी नगर परिषद की उपसभापति ज्ञानती देवी की अध्यक्षता एवं विजय मुखिया के संचालन में आयोजित महापंचायत को जिले के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और वकील ने संबोधित किया।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

महापंचायत को संबोधित करते हुए जन पहल के संयोजक विकास वर्मा ने कहा कि यह बेहद आश्चर्यजनक और चिंताजनक है कि बखरी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर मुस्लिम धोबी समाज के एक बेहद गरीब परिवार के घर-दुकान को भूमाफियाओं, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की ओर से दिनदहाड़े लूटकर उसके घर-दुकान को उजाड़ने और जमीन कब्जा करने की कोशिश की गई।

 

विकास वर्मा ने कहा कि घटना से स्पष्ट है कि बखरी में पुलिस -प्रशासन का भूमाफियाओं, अपराधियों और असामाजिक तत्वों से जबरदस्त सांठगांठ है। पुलिस-प्रशासन से मिलकर भूमाफिया गरीब-गुरबों को उनकी जमीन से उजाड़ने, बेदखल करने, जमीन लूटने का काम कर रहे हैं। गरीब-गुरबों, असली जमीन मालिकों को उजाड़ने, उनकी जमीन, दूकान, घर-मकान को लूटने वाले भूमाफियाओं एवं अपराधियों को संरक्षण देने का काम बंद नहीं किया गया तो जनता मजबूर होकर सड़क पर उतरेगी।

 

वामपंथी चिंतक-विचारकरविन्द्र सिंह ने कहा कि बखरी की धरती भूमि संघर्ष की धरती है। यहां लाल झंडा के सिपाहियों ने गरीब-गुरबों के जमीन और हक-हुकूक के लिए बड़े- बड़े महंतों, सामंतों और जमींदारों से लंबी लड़ाई लड़ने का काम किया है। गठजोड़ अगर गरीब-गुरबों, दलितों, अल्पसंख्यकों और समाज के कमजोर वर्गों को घर, मकान, जमीन और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करेगा तो जनता सड़कों पर उतरेगी और लाल झंडा के सिपाही उसके खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।

 

जन पहल कोर कमेटी के सदस्य बोले- एकजुट होकर लड़ने की जरूरत है

 

जन पहल कोर कमेटी के सदस्य संतोष ईश्वर ने कहा कि पूरे बिहार में भूमाफिया, अपराधियों और पुलिस प्रशासन के गठजोड़ द्वारा गरीबों, कमजोर वर्ग के लोगों और असली जमीन मालिकों की जमीन लूटने का खतरनाक खेल चल रहा है। इसके खिलाफ समाज के लोगों को एकजुट होकर लड़ने की जरूरत है। जनकवि बाबा दीनानाथ सुमित्र ने कहा कि पुलिस-प्रशासन के कुछ लोग भूमाफिया, अपराधियों और असामाजिक तत्वों से मिले हुए हैं।सीपीआई के सहायक अंचल मंत्री सुरेश सहनी ने कहा कि गरीब परिवार को उजाड़ने की कोशिश करने वाला कोई और नहीं बल्कि बखरी नगर पार्षद पति मो. जब्बार और जुबैर है‌। जिसने दो फर्जी महिलाओं से जमीन रजिस्ट्री करवाकर अपराधियों, असामाजिक तत्वों और प्रशासन के साथ मिलकर 112 साल से जमीन पर शांतिपूर्ण तरीके से रहते आ रहे असली जमीन मालिक मो. तैयब साफी और उसके परिवार को उजाड़ने और जमीन से बेदखल करने की कोशिश की है।

 

विजय मुखिया बोले- पुलिस-प्रशासन भूमाफिया को मदद कर रहा

 

विजय मुखिया ने कहा कि पुलिस प्रशासन भूमाफिया को मदद कर रहा है। बखरी थाना कांड संख्या -343/2025 में तैयब साफी और उसके पूरे परिवार के सात सदस्य नामजद हैं। यह मुकदमा षड्यंत्र के तहत तैयब और उसके परिवार को जमीन से उजाड़ने, बेदखल करने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें तैयब साफी एक महीने से जेल में बंद है और पुलिस के डर से पूरा परिवार लापता है।महापंचायत को पूर्व मुखिया जयप्रकाश यादव, मौलाना बदूद हाफी, रामश्रय सिंह, एआईएसएफ के रोशन कुमार आदि ने भी संबोधित किया। अंत में प्रस्ताव पारित कर मो. तैयब साफी और उसके परिवार के खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमा को रद्द करने और उसे जेल से रिहा करने, जमीन हड़पने वाले भूमाफियाओं और अपराधियों को चिह्नित कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की अपील की गई।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!