विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:2 बच्चों की मां थी, हत्या का आरोप
“विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:2 बच्चों की मां थी, हत्या का आरोप
दरभंगा के सिंहवाड़ा में दो बच्चों की मां की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महिला के मायका पक्ष ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस ने मृतका के पति लालू बाबू यादव और ससुर अर्जुन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला पिछले 8 महीने से अपने मायके में ही थी। एक हफ्ते पहले महिला का पति दिल्ली से आया था और अपने साथ ले गया था। मामला सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के पेठिया गाछी मेन टोला वार्ड नंबर 12 का है।
घटना की सूचना मिलने पर सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष वसंत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। डीएमसीएच में पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजन को सौंप दिया। मृतका की पहचान 24 साल की रानी कुमारी के रूप में हुई है। रानी कुमारी मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर वार्ड संख्या 1 की रहने वाली थी। करीब 6 साल पहले रानी की शादी सिंहवाड़ा के पेठिया गाछी मेन टोला के रहने वाले 30 साल के लालू बाबू यादव से हुई थी।
पूछताछ में पति बोला- रानी ने आत्महत्या की है
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मृतका के पति लालबाबू यादव ने पुलिस को बताया कि रानी कुमारी ने आज सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने बताया कि गुरुवार की रात करीब 9 बजे एक ही कमरे में मैं, रानी और दोनों बच्चे सोए थे। सुबह 6 बजे बेटे के चाय मांगने पर मैं कमरे के बाहर आ गया था। करीब एक घंटे बाद जब लौटा, तो देखा कि पत्नी फंदे से लटकी हुई है।
मृतका की मां बोली- रात 9 बजे बेटी ने कॉल कर झगड़े की बात कही थी
उधर, मृतका की मां शांति देवी ने बताया कि घटना से एक रात पहले करीब 9 बजे बेटी ने कॉल कर बताया था कि पति और सास उसके साथ झगड़ा कर रहे हैं। इसके बाद बेटी ने कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया था और सुबह सूचना मिली कि उसकी मौत हो गई है। मां का आरोप है कि बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है।मृतिका के मौसेरे भाई सोनू कुमार ने बताया कि रानी कुमारी उनकी मौसी की बेटी थी। करीब छह साल पहले उसकी शादी तय हुई थी। शादी तय करने के दौरान मैं, मेरे मौसा और समाज के कुछ लोग लड़के के घर गए थे। उस समय लड़के पक्ष की ओर से दहेज की मांग रखी गई थी। शादी तय होने के लगभग एक माह बाद ही मेरे मौसा का निधन हो गया था, जिसके बाद हम लोगों ने शादी तोड़ने की बात कही थी और कहा था कि दहेज की मांग पूरी करना संभव नहीं है।
मृतका रानी कुमारी की मां ने बताया कि 10 दिन पहले ही दामाद मेरी बेटी को घर ले गया था।
सोनू ने बताया कि लड़के के पिता ने उस समय ये आश्वासन दिया था कि उन्हें किसी प्रकार का दहेज नहीं चाहिए और बिना दहेज के ही शादी कराई जाएगी। इसके बाद शादी संपन्न हो गई। लेकिन शादी के बाद से ही मृतका को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। मृतका की मां विधवा थीं और उसका भाई छोटा था, ऐसे में परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा आए दिन मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी।
पिछले आठ महीने से मायके में रह रही थी रानी
प्रताड़ना से तंग आकर मृतका कई बार अपने मायके आकर रहने लगी। बीते आठ महीने से वह अपने मायके में ही रह रही थी। इस दौरान उसका पति दिल्ली में काम कर रहा था, जो करीब 10 दिन पहले ही गांव लौटा था। गांव आने के बाद वह मृतका को लेने उसके मायके गया। मृतका ससुराल जाने को तैयार नहीं थी, लेकिन पति के बार-बार आश्वासन देने पर कि अब उसके साथ कुछ नहीं होगा, वह करीब 10 दिन पहले ससुराल चली गई।आरोप है कि बीती रात दहेज की वजह से मृतका के साथ मारपीट की गई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना प्रशासन को दी गई है, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने बताया कि वे इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगरानी दो बच्चों की मां थी, उसके दो बेटे चार साल का सिद्धांश और दो साल का प्रियांश है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
वार्ड सदस्य सरोज कुमार यादव ने बताया कि सुबह जब वे मौके पर पहुंचे तो महिला का शव बरामदे में कंबल से ढका हुआ था और गले पर स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत होती है।
थानाध्यक्ष वसंत कुमार ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी कि एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया। मृतका की मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति लाल यादव और ससुर अर्जुन यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
