दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या:8 महीने पहले हुई थी शादी
पटना.बेतिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालू नगर में दहेज के लिए एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। यह घटना गुरुवार को शादी के आठ माह बाद हुई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय जहांनारा खातून के रूप में हुई है, जो लालू नगर निवासी मोहम्मद असरफ की पत्नी थीं। घटना के बाद से ससुराल वाले फरार हैं।
सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। मामले की जांच के लिए एफएलएस (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है।
12 दिन के बीच 2 बेटियों की हुई थी शादी
मृतका के पिता शेख करीम, जो बैरिया थाना के शेखटोली वार्ड नं. 11 के निवासी हैं, ने जीएमसीएच में बताया कि अप्रैल 2025 में उनकी दो बेटियों, जहांनारा खातून और हुस्नआरा खातून की शादी 12 दिनों के अंतराल पर हुई थी। शादी के बाद जहांनारा अपने ससुराल लालू नगर गई थीं।
पिता के अनुसार, ससुराल पहुंचने के बाद से ही पति मोहम्मद अशरफ और परिवार के अन्य सदस्य जहांनारा को प्रताड़ित करने लगे थे। वे दहेज में एक बाइक और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। परिजनों ने उन्हें आश्वासन दिया था कि पैसा आते ही उनकी मांग पूरी कर दी जाएगी। जहांनारा का पति मोहम्मद अशरफ गुजरात में फिटर का काम करता था।करीब 20 दिन पहले ससुराल वालों ने जहांनारा के भाई तमन्ना को फोन कर कहा कि उन्हें दिया गया पलंग खराब है। तमन्ना ने उन्हें नया पलंग देने का भरोसा दिया था। गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे, जहांनारा के पति मोहम्मद अशरफ ने तमन्ना को फोन कर बताया कि उनकी बहन ने दरवाजा बंद कर लिया है।
इसके बाद ग्रामीणों ने तमन्ना को सूचना दी कि जहांनारा की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही परिजन लालू नगर पहुंचे, जहां पुलिस टीम पहले से मौजूद थी और जहांनारा का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था।एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि परिजन मोहम्मद अशरफ की पत्नी जहांनारा खातून की दहेज के लिए हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मुफस्सिल पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने आगे बताया कि एफएलएस टीम द्वारा मामले की जांच की गई है और परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
