“वैशाली में आम के बगीचे में मिला युवक का शव:परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
पटना.वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेचर वार्ड संख्या-3 में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब घर से करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित आम के बगीचे में एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव दिखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने बिदुपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर स्थानीय लोगों की मदद से उसकी पहचान की। मृतक की पहचान चेचर गांव निवासी स्वर्गीय तुलकेश्वर सिंह के 40 साल के बेटे मिथिलेश कुमार सिंह के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी।
परिजनों में मचा कोहराम, हत्या की आशंका
शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भतीजे हरीश राज ने बताया कि किसी ने हत्या कर शव को बगीचे में फेंक दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस से सूचना मिलने के बाद वे लोग मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया है। साक्ष्य संकलन के साथ पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
क्या कहते हैं थाना अध्यक्ष
इस संबंध में बिदुपुर थाना अध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि चेचर वार्ड संख्या-3 के आम के बगीचे में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से युवक की पहचान की गई।
उन्होंने बताया कि मृतक की एक उंगली पर जख्म के निशान हैं। प्रथम दृष्टया युवक नशे का आदी बताया जा रहा है, संभव है नशे के दौरान किसी से विवाद हुआ हो। हालांकि पुलिस हत्या सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।थाना अध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
