दलसिंहसराय:सड़क हादसे में घायल की इलाज के दौरान मौत:सड़क जाम
दलसिंहसराय के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मड़वा ढाला के समीप हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय वृद्ध मोहम्मद शमीम उर्फ फूलो की इलाज के दौरान रविवार देर शाम मौत हो गई। वह मऊ धनेशपुर उत्तर पंचायत के निवासी थे।
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हुए थे
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना शनिवार देर शाम एनएच 122बी पथ पर मड़वा ढाला के पास हुई। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने वृद्ध मोहम्मद शमीम को टक्कर मार दी थी, जिससे उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों ने एक घंटे किया सड़क जाम
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तुरंत एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर फैलते ही आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर मड़वा ढाला के समीप मुख्य पथ को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया।
ठेला चलाकर करते थे परिवार का भरण-पोषण
मृतक की पत्नी रेहाना खातून ने बताया कि उनके पति ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। परिजन और स्थानीय लोग सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं.थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवेदन मिलने पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
