2 साल में 2 बार मांगी रंगदारी,अब हत्या:बेगूसराय में परिजन बोले-कहा था पैसे दो..
बेगूसराय में गुरुवार को 3 लाख रुपए रंगदारी नहीं देने पर कपड़ा कारोबारी शहजाद की हत्या कर दी गई। व्यवसायी की 6 महीने पहले शादी हुई थी। पत्नी प्रेग्नेंट है। घटना वीरपुर थाना क्षेत्र के बहरबन्नी गांव के पास की है।
इस घटना के बाद टीम मौके पर पहुंची और मृतक कारोबारी के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। शहजाद के भाई कौशर ने बताया कि, ‘वो घर से 500 मीटर दूर पहुंचा था, तभी अपराधियों ने सिर में गोली मारी। वो गिर गया तो चेहरे पर भी एक गोली मारी।2 साल से अपराधी रंगदारी ले रहा है। पहले 1 लाख रुपए की मांग करता था, अब 3 लाख रुपए की डिमांड कर रहा था।
साल 2023 में आरोपी पंकज घर पर हथियार लेकर पहुंचा था और पिता की कनपट्टी पर पिस्टल सटाकर कहा था कि शहबाज से कह दो दुकान चलानी है तो रंगदारी देता रहेगा।तब हम 4 भाइयों ने मिलकर बदमाश को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया था। 9 महीने जेल में रहने के बाद अपराधी जेल से बेल पर छूटा।उसके बाद पंकज ने 3 लाख रुपए की डिमांड कर दी। यह राशि नहीं दी तो शहजाद की गोली मारकर हत्या कर दी।
शहजाद के भाई कौशर ने बताया, पंकज बार-बार रंगदारी के लिए परेशान कर रहा था। जिसके बाद साल 2023 में पंचायत बैठाई गई। जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाज के लोग शामिल हुए। तय हुआ कि किसी भी हाल में रंगदारी नहीं देनी है। अगर ऐसा हुआ तो अपराधियों को मन बढ़ जाएगा।गांव में पंचायत खत्म होने के 2 घंटे बाद अपराधी पंकज, शहजाद के घर पहुंचा। घर में सबसे पहले शहजाद के पिता अजीम मिले। पंकज ने गन पॉइंट पर अजीम को रखा और कहा रंगदारी नहीं दी तो मार देंगे।
मौके की तलाश में था अपराधी
जेल से बाहर आने के बाद पंकज ने शहजाद के कहा था कि तुम लोगों के चक्कर में मुझे जेल जाना पड़ा। मुझे काफी नुकसान है, इसलिए मुझे अब 1 नहीं 3 लाख रुपए रंगदारी चाहिए, लेकिन शहजाद उसे रुपए देने के लिए तैयार नहीं था।शहजाद ने फिर से पंचायत के जनप्रतिनिधियों को बताया कि पंकज 3 लाख रुपए मांग रहा है। इसके बाद पिछले महीने पंचायत बुलाई गई। पंचायत में अपराधी पंकज को भी आने के लिए बोला गया था, लेकिन वो नहीं पहुंचा। जनप्रतिनिधियों की बात पर शहजाद ने रुपए नहीं दिए।
2 दोस्तों के साथ हत्या की साजिश रची
पंकज ने अपने दो दोस्तों के साथ हत्या की साजिश रची और 11 दिसंबर को हत्या कर दी। मौके पर कुछ लोग भी थे। जिन्हें पंकज और उसके दोस्तों ने धमकी दी कि किसी ने कुछ बोला तो अंजाम भुगतने को तैयार रहना। हत्या के बाद आरोपियों ने रुपए और मोबाइल भी ले गए।
स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी लेती पुलिस।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद तेघड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने अपराधी-पुलिस गठजोड़ का आरोप लगाते हुए टीम को भगा दिया। लाश तेघड़ा और वीरपुर थाना की सीमा पर रहने के कारण सदर डीएसपी पहुंचे।FSL की टीम और एसपी मनीष पहुंचे। अपराधियों को कड़ी सजा देने का ठोस आश्वासन देकर लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
