पटना-समस्तीपुर में घना कोहरा, 5 जिलों में यलो अलर्ट:गिर रहा न्यूनतम तापमान,कोल्ड वेव
पटना.गुरुवार सुबह पटना और समस्तीपुर में घना कोहरा छाया है। मौसम विभाग ने बिहार के 5 जिलों में आज यानी गुरुवार को घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।इन शहरों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है। साथ ही पश्चिमी हवा के कारण ठंड बढ़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश में कोल्ड वेव का असर दिखने लगेगा। दिसंबर के अंत तक राज्य में शीतलहर चलने की संभावना है।पिछले 24 घंटे में 9.1 डिग्री टेंपरेचर के साथ भागलपुर सबसे ठंडा रहा। वहीं, पटना, बेतिया, गोपालगंज, सीतामढ़ी समेत 12 जिलों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा। दरभंगा में विजिबिलिटी कम रही।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। इस सिस्टम का असर अब उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में दिखने लगा है।पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडी और शुष्क पछुआ हवा तेज हुई हैं, जो बिहार तक पहुंच रही हैं। इस हवा के कारण रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि, नमी और ठंडी हवा के मेल से ही सुबह के समय कोहरा और स्मॉग जैसी स्थिति बन रही है। यही कारण है कि सूरज निकलने के बाद भी ठिठुरन महसूस हो रही है।राजधानी में भी सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। विजिबिलिटी कम रह सकती है। दिन में आंशिक धूप निकल सकती है, लेकिन पछुआ हवाओं के कारण ठंड से पूरी तरह राहत नहीं मिलेगी। पटना में न्यूनतम तापमान में अगले कुछ दिनों तक और गिरावट देखने को मिल सकती है।
कोल्ड वेव का खतरा कब से
मौसम विभाग के अनुसार, यदि पछुआ हवा की रफ्तार और तेज होती है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाती है तो आने वाले दिनों में कोल्ड वेव (शीतलहर) की स्थिति बन सकती है।खासकर उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों में इसका खतरा ज्यादा रहेगा। 2 से 3 दिनों के भीतर कुछ इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बनने की संभावना है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
