समस्तीपुर में बकाया मजदूरी मांगने पर ड्राइवर को पीटा:मालिक ने सड़क किनारे फेंका
समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र में बकाया मजदूरी मांगने पर एक कार चालक को उसके मालिक ने कथित तौर पर बेरहमी से पीटा और सड़क किनारे फेंक दिया। घायल चालक को स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।घायल चालक की पहचान बिशनपुर बथुआ गांव निवासी स्वर्गीय राजन पोद्दार के 30 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। धर्मेंद्र, पूसा थाना क्षेत्र के बिरौली गांव निवासी संतोष भगत की स्विफ्ट डिजायर कार पिछले एक साल से चला रहे थे।
घायल बोला- रुपए मांगे तो घर ले जाकर मारपीट की
धर्मेंद्र ने बताया कि उन्हें नवंबर महीने की 10 हजार रुपए मजदूरी बकाया थी। जब उन्होंने अपने मालिक संतोष भगत से इस राशि की मांग की, तो मालिक उन्हें अपने घर ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई और बाद में उन्हें पंजाबी कॉलोनी के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया।आसपास के लोगों ने धर्मेंद्र को घायल अवस्था में देखा और तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने धर्मेंद्र के परिजनों को भी घटना की सूचना दी। धर्मेंद्र ने बताया कि वह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं।
घायल ने कहा कि मुझे 10 हजार रुपए मजदूरी के लेने थे।सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉ. संतोष कुमार झा ने बताया कि चालक धर्मेंद्र कुमार के शरीर में अंदरूनी चोटें आई हैं। उनका एक्स-रे कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद उचित इलाज किया जाएगा।
इस घटना की सूचना नगर थाने की पुलिस को दी गई है। नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी हरिलाल यादव को घायल चालक का बयान दर्ज करने के लिए भेजा गया है। बयान दर्ज होने के बाद संबंधित थाने को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
