Patna

पटना में लापता किसान का शव मिलने के बाद बवाल, पुलिस पर किया पथराव,थानाध्यक्ष समेत 6 घायल

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में लापता किसान कन्हैया शर्मा (35) का शव चार दिन बाद गंगा किनारे मिलने से इलाके में जबरदस्त तनाव फैल गया. शुक्रवार शाम लखीपुर घाट से शव बरामद होते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे. लोगों ने कन्हैया शर्मा की किडनैप कर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस पर लापरवाही और दूसरे पक्ष से सांठ-गांठ का आरोप लगाया.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

घटना की सूचना मिलते ही सालिमपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात बेकाबू हो गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव कर दिया, जिसमें एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. हमले में सालिमपुर थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए बख्तियारपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार पुलिसकर्मियों के सीना, पेट और पीठ पर चोटें आई हैं.

 

घायल पुलिसकर्मियों की हुई पहचान

घायल पुलिसकर्मियों में थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी के अलावा अरविंद कुमार शर्मा (45), अनंत कुमार यादव (42), राजेश कुमार गुप्ता (39), सतीश चंद्र सिंह (55) और मनोज कुमार सिंह (49) शामिल हैं.

 

 

जमीनी विवाद में अगवा कर हत्या का आरोप

परिजनों का कहना है कि कन्हैया शर्मा को मंगलवार को दियारा क्षेत्र से कुछ हथियारबंद बदमाशों ने जमीनी विवाद के चलते अगवा कर लिया था. उन्होंने पुलिस को समय रहते सूचना दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. परिजनों के मुताबिक, यदि समय पर कदम उठाया गया होता तो कन्हैया की जान बच सकती थी.

 

जानकारी के अनुसार, 16 दिसंबर को कन्हैया शर्मा लखीपुर गांव के सामने दियारा इलाके में अपना खेत देखने गए थे. इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला. लगातार तलाश के बावजूद कुछ पता नहीं चला. अंततः शुक्रवार को उनकी लाश गंगा किनारे लखीपुर घाट से बरामद हुई.

 

12 हिरासत में, 3 पहले ही गिरफ्तार

पुलिस पर हमले के मामले में लखीपुर गांव से 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है. एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई होगी.

 

इससे पहले किसान के अपहरण और हत्या के मामले में परिजनों ने सालिमपुर थाने में 14 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. पुलिस ने इस केस में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!