घर के बाहर टहल रहे भाजपा बूथ अध्यक्ष की हत्या:बाइक सवार 4 अपराधियों ने मारी गोली
समस्तीपुर के खानपुर इलाके में बुधवार की शाम दो बाइक पर सवार 4 बदमाशों ने भाजपा बूथ अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चार अपराधियों की ओर से की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में भाजपा बूथ अध्यक्ष को तीन से अधिक गोलियां लगी हैं। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही गोलियों की संख्या साफ हो पाएगी।
घटना समस्तीपुर के खानपुर थाने के शादीपुर घाट के पास की है। बताया जा रहा है कि वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब भाजपा बूथ अध्यक्ष अपने घर के बाहर टहल रहे थे। मृतक की पहचान 30 साल के रूपक कुमार के रूप में हुई है। वारदात की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
ग्रामीण ने रूपक के घर जाकर वारदात की सूचना दी
घटना के संबंध में ग्रामीण वीरेंद्र महतो ने बताया कि वे शादीपुर घाट के बगज में हनुमान मंदिर की ओर जा रहे थे। उन्होंने देखा कि मंदिर के पास भीड़ जुटी है। वीरेंद्र महतो ने बताया कि मुझे लगा कि मारपीट की घटना हुई है। जब पास जाकर देखा तो पता चला कि रूपक को किसी ने गोली मार दी है।वीरेंद्र के मुताबिक, मैं तत्काल भागते हुए रूपक के घर की ओर भागा और परिजन को जाकर सूचना दी। इसके बाद रूपक को बाइक से उठाकर खानपुर पीएचसी ले जाया गया, जहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने रूपक को मृत घोषित कर दिया।
परिजन ने बताया कि रूपक सहनी भाजपा संगठन में बूथ अध्यक्ष के पद पर कार्यरत था। उनके भाई दीपक सहनी प्रखंड भाजपा कमेटी में मीडिया प्रभारी के पद हैं। घटना के पीछे अभी परिवार के लोग ज्यादा कुछ नहीं पता रहे हैं लेकिन रूपक का गांव के ही कुछ लोगों से विवाद था।
अस्पताल लाने से पूर्व युवक की हो चुकी थी मौत
खानपुर पीएचसी के प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आरएन सिंह ने बताया कि युवक को जब अस्पताल लाया गया था। तो उनके द्वारा उसकी जांच की गई। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उनके शरीर कई जगह पर गोली का जख्म है। हालांकि उन्हें कितनी गोली लगी है, ये पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चल सकेगा। पुलिस को सूचना दी गई है।
अस्पताल में जुटी पुलिस और परिजन की भीड़।
वहीं, सदर डीएसपी टू संजय कुमार ने बताया कि गोली लगने से युवक की मौत हुई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिवार के लोगों का बयान लिया जा रहा है। गांव के ही कुछ लोगों से विवाद की बात सामने आ रही है। अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
