15 मिनट में एटीएम काटकर 25 लाख ले गए बदमाश:4 बदमाशों ने पहले की रेकी
मुजफ्फरपुर में 4 बदमाश 15 मिनट में एसबीआई का एटीएम काटकर 25 लाख रुपए ले गए। सुबह करीब 03:20 से लेकर 03:24 के बीच कार से पहले रेकी की। उसके बाद वारदात को अंजाम दिया।
जहां घटना हुई वहां पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन गश्ती टीम सुबह 3 बजे ही निकल गई। एटीएम काटने से पहले अपराधियों ने सीसीटीवी तोड़ दिए थे। इस वजह से उनके चेहरे नहीं दिखाए दिए। हालांकि एसबीआई कंट्रोल रूम को गड़बड़ी का पता चल गया था, कंट्रोल रूम से सिटी एसपी कोटा किरण कुमार को फोन गया।सिटी एसपी ने सदर थाने की पुलिस को मौके पर भेजा। पुलिस वहां जब तक पहुंचती तब तक चारों बदमाश रुपए लेकर फरार हो गए थे। घटना सदर थाना क्षेत्र के कच्ची पक्की के पास की है।
पुलिस टीम की लापरवाही पर होगा एक्शन
सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने कहा कि जहां घटना हुई है सदर थाना के पुलिस को उसी जगह पर अस्थाई रूप से एक पुलिस टीम को रखना था। पुलिस की टीम निकल गई है अगर टीम वहां रहती तो शायद घटना नहीं होती। 4 साल पहले भी इसी एटीएम में घटना हो चुकी है। लापरवाही की जांच होगी और दोषी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी पर कार्रवाई होगी।
सारण में दो दिन पहले हुई थी कटिंग
सारण में भी 2 दिन पहले एटीएम काटा गया था। 15.50 लाख रुपए चोरी हुई थी। मुजफ्फरपुर पुलिस इस घटना को सारण वाले मामले से जोड़ कर देख रही है। सारण में भी लग्जरी कार का इस्तेमाल किया गया था। शक है कि सारण में जिन्होंने घटना को अंजाम दिया है, उन्होंने ही मुजफ्फरपुर में भी एटीएम को काटा है।मामले में सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि 10 तारीख को घटना हुई थी। करीब साढ़े 15 लाख रुपए बदमाश ले गए थे। अब तक उसमें कुछ ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। लग्जरी वाहन का उपयोग हुआ था उसमें भी चार अपराधी थे। पुलिस की टीम काम कर रही है।
मुजफ्फरपुर और सारण पुलिस कार्रवाई में जुटी है
एटीएम मशीन कटिंग मामले में सारण पुलिस से मुजफ्फरपुर पुलिस संपर्क में है। मिली जानकारी के अनुसार अब दोनों जिलों की पुलिस की टीम इस गिरोह को पकड़ने में साथ काम करेगी ।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
