शौचालय में बच्चों संग सफर की मजबूरी,छठ व चुनाव के बाद काम पर लौटने की जद्दोजहद
समस्तीपुर.लोकतंत्र के महापर्व व आस्था के पर्व छठ के बाद अब प्रवासी अपने रोज़गार स्थलों को लौटने लगे हैं। घर से निकलने के साथ ही प्रवासियों की संघर्ष यात्रा शुरू हो गई। ट्रेनों में भीड़ इतनी हो रही है कि बच्चों के साथ शौचालय में सफर की मजबूरी बनी हुई है। समस्तीपुर जंक्शन से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद और हैदराबाद सहित अन्य महानगरों की ओर जानेवाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। प्लेटफॉर्म से लेकर टिकट काउंटर और कोचों तक यात्रियों की लंबी कतारें लगी हैं।
अधिकांश यात्री वे हैं जो पर्व मनाने और मतदान करने के लिए अपने गांव आए थे। अब रोज़गार और कामकाज के सिलसिले में अपने गंतव्यों को लौट रहे हैं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने समस्तीपुर होकर गुजरनेवाली कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े हैं, साथ ही कुछ विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। इसके बावजूद प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ कम नहीं हो रही है।
समस्तीपुर रेल प्रशासन ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की है। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी के जवान लगातार प्लेटफॉर्मों पर गश्त कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं, जहाँ स्टाफ द्वारा ट्रेन की जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।भीड़ नियंत्रण के लिए रेल प्रशासन पूरी तरह सजग है। नियमित के अलावा समस्तीपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों से प्रतिदिन कई स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं। जरूरत पड़ने पर व्यवस्था की जाएगी। -आलोक कु. झा, अपर मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर मंडल
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
