महाबलीपुरम से दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग बिहार के लिए रवाना
पटना।विराट रामायण मंदिर में स्थापित होने वाला दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग शुक्रवार को तमिलनाडु के महाबलीपुरम से बिहार के लिए रवाना किया जाएगा। इसके लिए महावीर मंदिर के सुपरिटेंडेंट के सुधाकरण और जनसंपर्क पदाधिकारी अजय कुमार सिंह महाबलीपुरम जा रहे हैं। वहां पहले शिवलिंग की पूरे विधि-विधान से पूजा होगी।
इसके बाद 156 चक्के वाले ट्रक पर उसे रखा जाएगा। यह ट्रक करीब डेढ़ महीने में कैथवलिया पहुंचेगा। इस शिवलिंग को पूर्वी चंपारण के केसरिया और चकिया के बीच कैथवलिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में स्थापित किया जाएगा। जनवरी के अंत तक या फरवरी के पहले हफ्ते में इस शिवलिंग को स्थापित किया जाएगा। बिहार की सीमा में पहुंचने पर शिवलिंग का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा। मोहनिया, आरा और पटना होते हुए यह शिवलिंग मंदिर पहुंचेगा।
चांदी के 15 फीट ऊंचे अरघा पर स्थापित होगा शिवलिंग
सिंगल पत्थर से तराश कर निकाला गया यह दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग है। महावीर मंदिर न्यास के सदस्य सायण कुणाल के अनुसार इस शिवलिंग की ऊंचाई और गोलाई भी 33 फीट है। वजन 210 मीट्रिक टन है। इसके साथ एक हजार छोटे शिवलिंग भी होंगे। इसे सहस्रलिंगम के रूप में जाना जाता है। भारत में आठवीं सदी तक सहस्रलिंगम के प्रमाण हैं। तमिलनाडु के महाबलीपुरम में ब्लैक ग्रेनाइट पत्थर की चट्टान को तराशकर इस शिवलिंग का निर्माण किया गया है। 140 एकड़ में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर विश्व का सबसे बड़ा मंदिर होगा। मुख्य मंदिर 1080 फीट लंबा, 540 फीट चौड़ा और 270 फीट ऊंचा है। मंदिर में 15 शिखर मंदिर होंगे। 270 फीट ऊंचा एक शिखर भी होगा। इसे अयोध्या से जनकपुर तक बन रहे राम-जानकी मार्ग से भी जोड़ा गया है।
5 किमी की रफ्तार से चलेगा ट्रक
शिवलिंग को महाबलीपुरम से कैथवलिया लाने में करीब डेढ़ महीने का समय लगेगा। जिस ट्रक से इसे लाया जाएगा, उसकी रफ्तार 5 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। अधिक वजन से कहीं सड़क न धंस जाए, इसलिए चकिया से कैथवलिया तक 12 किलोमीटर विशेष तकनीक से सड़क व पुल-पुलिया का निर्माण हुआ है।
ब्लैक ग्रेनाइट पत्थर की चट्टान को तराशकर शिवलिंग को बनाया गया है
अभी विश्व के सबसे ऊंचे शिवलिंग
तंजौर के वृहदेश्वर मंदिर में 27 फीट ऊंचा शिवलिंग है।
भोपाल के पास भोजपुर मंदिर में 20 फीट ऊंचा शिवलिंग है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
