लड़के ने किया लव मैरिज, मां की पिटाई:समस्तीपुर में एक महीने पहले लड़के ने भाग कर की शादी
समस्तीपुर के मोहनपुर थाना क्षेत्र के गरही मोहनपुर गांव में प्रेम विवाह को लेकर मारपीट हुई है। लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के की मां के साथ मारपीट की और उनके दोनों हाथ-पैर तोड़ दिए। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।यह घटना गरही मोहनपुर गांव की है, जहां 45 साल की रीता देवी, जो श्याम सुंदर राय की पत्नी हैं, को गंभीर चोटें आई हैं। रीता देवी ने बताया कि लड़की के परिजनों ने उन्हें रास्ते में रोककर बेरहमी से पीटा, जिससे उनके दोनों हाथ और पैर की हड्डियां टूट गईं।
रीता देवी के चौथे नंबर के बेटे रवि कुमार ने गांव की ही 20 साल की नीलू कुमारी, जो मदन राय की बेटी हैं, से प्रेम विवाह किया है। दोनों पिछले दो सालों से एक-दूसरे को जानते थे। उन्होंने पिछले महीने 19 अक्टूबर को घर से भागकर शादी कर ली थी और शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं।
शादी की खबर मिलने के बाद लड़की के परिजनों ने रीता देवी पर लड़की को वापस लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया था और उनके साथ मारपीट भी की थी। इस संबंध में रीता देवी ने मोहनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज कराने के बाद जब वह घर लौट रही थीं, तभी लड़की के भाई और अन्य परिजनों ने उन पर हमला कर दिया।हमले के बाद रीता देवी को स्थानीय लोगों की मदद से मोहनपुर प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉ. मासूम राजा की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। रीता देवी ने बताया कि उनके पति श्याम सुंदर राय दिल्ली में सेंट्रिंग का काम करते हैं।
नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना उन्हें मिली है. पुलिस पदाधिकारी हरी लाल यादव को सदर अस्पताल घायल महिला का बयान लेने को लेकर भेजा जा रहा है। घायल महिला के तरफ से बयान लिए जाने के बाद आवश्यक कार्रवाई को लेकर मोहनपुर थाना भेजा जाएगा.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
