समस्तीपुर:मंटून चौधरी हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:4 गोली मारकर हत्या की थी
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर में बीते 28 अक्टूबर की शाम हुई मंटून चौधरी की हत्या के मुख्य आरोपी राम जन्म साहनी को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी का पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा था.पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी मीता देवी के आवेदन पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था, जिसमें स्वर्गीय दयाराम साहनी का पुत्र राम जन्म साहनी मुख्य अभियुक्त है। गांव के चार अन्य लोग भी अभियुक्तों में शामिल हैं।
मीता देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति बांध पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक बाइक और एक स्कूटी पर सवार 5 से 6 अपराधी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब उनके पति ने इसका विरोध किया, तो राम जन्म साहनी ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।फायरिंग में मंटून चौधरी को चार गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने राम जन्म साहनी को पकड़कर उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, अन्य 4-5 अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार होने में सफल रहे।
ग्रामीणों की पिटाई से घायल मुख्य आरोपी राम जन्म साहनी का इलाज पुलिस अभिरक्षा में डीएमसीएच दरभंगा में चल रहा था। इलाज पूरा होने के बाद रविवार को पुलिस ने उससे पूछताछ की और फिर उसे न्यायिक हिरासत में समस्तीपुर भेज दिया। यह जानकारी अपर थाना अध्यक्ष दीपक कुमार झा ने दी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
