Patna

11वीं में पढ़ने वाली रीतलाल की बेटी ने संभाला चुनाव,पिता के बुरे वक्त में पढ़ाई छोड़कर उतरना पड़ा

पटना।बिहार विधानसभा चुनाव के चुनावी दंगल में सोमवार को पहली बार राजद सुप्रीमो लालू यादव चुनाव प्रचार के लिए निकले। लालू यादव ने दानापुर से राजद कैंडिडेट रीतलाल यादव के लिए रोड शो किया.दानापुर विधायक और राजद प्रत्याशी रीतलाल यादव 50 लाख रुपए रंगदारी मांगने के आरोप में जेल में बंद हैं। ऐसे में रीतलाल के परिवार से उनकी बेटी श्वेता इस रोड शो में शामिल हुईं।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

लालू का रोड शो दीघा से शुरू हुआ है, जो नासिरगंज और दानापुर बाजार से छावनी होते हुए कुल 15 किलोमीटर दूर खगौल तक चला। लालू के साथ उनकी गाड़ी में दीघा विधानसभा से CPI उम्मीदवार दिव्या गौतम भी साथ दिखीं।इस पूरे रोड शो के दौरान रीतलाल यादव की बेटी श्वेता रोड शो में शामिल एक कार के ऊपर सवार थी। इस दौरान वो लोगों का अभिवादन करती और पिता के लिए वोट मांगती नजर आई.

पिता को विरोधियों ने फंसाया, न्याय के लिए सड़क पर उतरी- श्वेता

 

बिहार विधानसभा चुनाव में दानापुर विधानसभा हॉट सीटों में से एक है। एक तरफ NDA से पूर्व सांसद रामकृपाल यादव हैं तो दूसरी तरफ महागठबंधन से आरजेडी के वर्तमान विधायक रीतलाल यादव चुनावी मैदान में है। रीतलाल यादव फिलहाल अपराध के मामले में जेल में हैं। इसलिए उनकी 16 साल की बेटी श्वेता अपने पिता के लिए विधानसभा क्षेत्र में घूमकर वोट मांग रही हैं।

 

रीतलाल यादव की बेटी श्वेता अभी 11वीं में पढ़ती हैं। चुनावी प्रचार के कारण अभी पढ़ाई नहीं कर पा रहीं। उनके साथ राजद समर्थक और महिलाएं भी चुनाव में रहते हैं, जो उन्हें वोट मांगने और प्रचार का तरीका भी समझा रहे हैं।

 

श्वेता कहती हैं कि ‘मुझे राजनीति बिल्कुल पसंद नहीं है। जिंदगी में कभी भी राजनीति में नहीं आऊंगी। आज पिता बुरे वक्त से गुजर रहे हैं। पिता की मदद के लिए लोगों के बीच जा रही हूं। पिता को विरोधियों ने फंसाया है। उन्हें न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरी हूं।’

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!