रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाईअड्डे पर पुलिस बल तैनात:बिहार के जिलों में हाई अलर्ट
पटना,दिल्ली में लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास कार में बम धमाके के बाद बिहार के सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने इस बाबत पटना एसएसपी समेत सभी जिले के एसपी, रेल एसपी को आदेश दिया है। जिन 20 जिलों में मंगलवार को मतदान है, वहां विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। नेपाल से सटे जिलों में चौकसी और सघन चेकिंग का निर्देश दिया गया है। इसके मद्देनजर राजधानी में पटना जंक्शन, विधानसभा, सभी सचिवालय, राजभवन, सीएम आवास, सभी वीवीआईपी आवास, एयरपोर्ट सहित अन्य सार्वजनिक जगहों पर सोमवार की देर रात तक वाहनों की जांच की जाती रही।
बिहार पुलिस ने सभी धर्मस्थलों, पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट के अलावा, बोधगया के महाबोधि मंदिर, पटना जंक्शन, महावीर मंदिर, पटना जंक्शन जामा मस्जिद, बरौनी रिफाइनरी, एनटीपीसी बाढ़, तख्तश्री हरिमंदिर साहिब गुरुद्वारा, इंडियन ऑयल टर्मिनल सिपारा की भी सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस मुख्यालय की एक टीम सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर पंकज दराद ने कहा कि सभी जिलों को अलर्ट किया गया है। पटना जंक्शन समेत राज्य के सभी बड़े स्टेशनों, एयरपोर्ट, हाईकोर्ट, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों, विधानसभा सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई है।
वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर गश्त बढ़ाई
पुलिस मुख्यालय की तरफ से कहा गया है कि बिहार में चुनाव चल रहा है। दिल्ली की घटना के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। वीवीआईपी के कार्यक्रमों को लेकर भी पुलिस सतर्क है। उनके ठहरने वाले होटलों आदि की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके अलावा निजी अस्पतालों, होटलों, स्कूलों के आसपास गश्त बढ़ा दी गई है। सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने इलाके में पड़ने वाले होटलों की सघन जांच कर रजिस्टर भी देखें।
आधारभूत संरचनाओं पर भी विशेष नजर
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिले के एसपी को निर्देश दिया है कि अपने जिले में आधारभूत संरचनाओं पर विशेष नजर रखें। वहां की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर दुरुस्त करें। रेल से लेकर विमान यात्रियों तक की चेकिंग का निर्देश दिया गया है। बस अड्डों पर भी लगातार जांच अभियान चलाने को कहा गया है। सभी जिलों को शांति समितियों और वाट्सएप ग्रुप को सक्रिय करने का आदेश दिया गया है।
पटना में सार्वजनिक जगहों की निगरानी
दिल्ली धमाके के बाद पटना में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सार्वजनिक जगहों पर आने-जाने वालों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाईअड्डे पर सादे लिबास में पुलिस बलों को तैनात किया गया है। डीएम त्यागराजन एसएम ने कहा कि पटना मेट्रो सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सेंट्रल रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने कहा कि पटना और नालंदा के एसपी को सघन जांच और गश्ती रखने को कहा गया है।
पटना से खुलने वाली सभी ट्रेनों में बढ़ाई गई सुरक्षा
पटना|दिल्ली धमाके के बाद पटना जंक्शन, राजेंद्रनगर और पाटलिपुत्र जंक्शन से खुलने वाली ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकते ही आरपीएफ और जीआरपी के जवान कोच में जांच कर रहे हैं। प्लेटफॉर्म पर भी चेकिंग की जा रही है। रेलवे के मुताबिक दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में एस्कॉर्ट के जवानों की संख्या बढ़ाई गई है। जनरल, स्लीपर और एसी कोच में जवान घूमकर देख रहे हैं। ट्रेनों में डॉग स्क्वायड घूम रहा है। कोच, प्लेटफॉर्म, पार्किंग और वेटिंग हॉल में यात्रियों पर नजर रखी जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
