समस्तीपुर शहर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, ओवरब्रिज के पास अवैध कब्जा
समस्तीपुर।नगर निगम समस्तीपुर द्वारा बुधवार को ओवरब्रिज के नीचे लगातार जाम की स्थिति से निपटने को लेकर अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर सांकेतिक अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश के निर्देश पर सिटी मैनेजर के नेतृत्व में निगम की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और फुटपाथ, सड़क किनारे एवं सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।अभियान की शुरुआत होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
ओवरब्रिज के नीचे लगाए गए अस्थायी दुकानें, ठेले, खोमचे तथा दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से रखे गए सामानों को निगम कर्मियों ने जेसीबी से हटाना शुरू किया। कई दुकानदारों ने कार्रवाई से पहले ही स्वयं अपना सामान समेटना शुरू कर दिया ताकि तोड़फोड़ से बचा जा सके। निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर गुरुवार तक सरकारी भूमि पर किया गया अतिक्रमण स्वेच्छा से नहीं हटाया गया, तो निगम की टीम जेसीबी से सभी निर्माण और सामानों को जबरन हटा देगी। कहा कि शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि जाम और अव्यवस्था से लोगों को राहत मिल सके। सांकेतिक ही सही पर इस अभियान से थोड़ी राहत आमजनों ने महसूस की। वहीं निगम कार्यालय के इर्द-गिर्द,थानेश्वर स्थान महादेव मंदिर के आमने-सामने फल दुकानदारों द्वारा सड़कों पर ही फैलाए गए दुकान को नहीं हटाए जाने से लोग निराश भी हुए।
हालांकि कई लोगों का यह भी कहना है कि निगम की कार्रवाई केवल दिखावटी नहीं होनी चाहिए। पहले भी अतिक्रमण हटाने के बाद कुछ ही दिनों में दुकानदारों ने दोबारा सड़क पर कब्जा कर लिया था। इसलिए इस बार नगर प्रशासन को स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने होंगे।
इधर नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश ने कहा कि आचार संहिता समाप्त होने के बाद अभियान पूरे शहर में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से कब्जा न करें और सहयोग करें ताकि समस्तीपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुगम बनाया जा सके। कार्रवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सख्ती का संदेश गया है और अतिक्रमणकारियों में भय का माहौल बना हुआ है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
