बेगूसराय में विवाहिता का बंद बोरे से मिली रस्सी से बंधी लाश, हत्या का आरोप
बेगूसराय के मटिहानी थाना क्षेत्र के सिहमा गांव के पास बंद बोरे में एक महिला की लाश मिली। मामले की जानकारी के बाद पुलिस नगर निगम के वार्ड नंबर-18 में घटनास्थल पर पहुंची। मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रजौड़ा सिकंदरपुर के रहने वाले शंभू राय उर्फ कारी राय की बेटी 25 साल की मनीषा कुमारी के रूप में की गई।
मनीषा की शादी 3 साल पहले साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव के रहने वाले रोहित कुमार के साथ हुई थी। सदर अस्पताल में पहचान और पोस्टमॉर्टम कराने आए पूर्व मुखिया टुनटुन राय ने बताया कि मनीषा की शादी 3 साल पहले चौकी गांव के रहने वाले रोहित के साथ हुई थी। लेकिन शादी की कुछ दिन बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। मनीषा की शादी में ज्वेलरी समेत घर के सामान और कैश भी दिए गए थे।पूर्व मुखिया ने बताया कि दहेज के बावजूद मनीषा के पति और ससुराल वालों की ओर से लगातार उसे प्रताड़ित किया जाता रहा। उससे और दहेज की डिमांड की जाती रही। जब इसकी जानकारी मनीषा के परिजन को हुई तो हम लोग मनीष के परिवार के साथ चौकी गांव पहुंचे और पंचायती भी की, लेकिन लगातार मनीष के ससुरालवाले उसे प्रताड़ित करते रहे। उसके साथ मारपीट करते रहे।
चार महीने पहले पंचायत के बाद मनीषा को लाया गया था मायके
टुनटुन राय ने बताया कि करीब 4 माह पहले पंचायती के दौरान निर्णय लिया गया कि सुलह नहीं हो रहा है तो मनीषा को कुछ दिनों के लिए मायके में रखा जाए और वह मायके में रह रही थी। इस बीच निर्णय लिया गया था कि चुनाव के बाद हम सब लोग फिर से मनीषा के ससुराल जाएंगे और सामाजिक स्तर से मामले को सुलझाया जाएगा। इसकी जानकारी ससुराल वालों को भी थी, इसलिए हम लोगों के वहां जाने से पहले हत्या कर दी गई।जानकारी के मुताबिक, सिहमा गांव में रहने वाली ननद अमोला ने मामले में समझौता करने के लिए रविवार को फोन करके मनीषा को बेगूसराय शहर के काली स्थान के समीप बुलाया था। बेगूसराय शहर जाने से पहले मनीषा ने घरवालों को इसकी जानकारी दी और ननद से मिलने के लिए चली आई। यहां आते ही अपहरण करके उसे सिहमा ले जाया गया, जहां मनीषा की सास, ननद, ननदोई और पति ने मिलकर मार डाला।
महिला की लाश जब बोरे से निकाली गई तो उसके पूरे शरीर में रस्सियां बांधी गई थीं। हत्या के बाद उसे बोरा में पैक करके लाश को फेंका गया था। सोमवार दोपहर में प्रशासन ने लाश बरामद करने के बाद फोटो सोशल मीडिया के माध्यम से जारी किया तो उसकी पहचान हो सकी। मृतका मनीषा के परिजन ने प्रशासन इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी दोषियों को अविलंब पकड़ कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर परिजन ने एसपी ऑफिस के सामने धरना प्रदर्शन की बात कही है।
मछली मारने गए लोगों ने देखी थी लाश
घटना के संबंध में स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राघव कुमार ने जानकारी दी। इन्होंने बताया कि आज दोपहर में गांव के कुछ लोग बाढ़ का पानी कम होने के बाद मरगंग में मछली मारने के लिए गए थे। इसी दौरान बंसी में कोई भारी चीज फंस गया और दो-तीन लोगों ने मिलकर खींचा, तो उसमें से एक बोरा निकला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। बोरा खोला गया तो उसमें से महिला की लाश मिली है। महिला के शरीर को तीन जगह रस्सी से बांधा गया है.सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि मरगंग में विवाहित महिला की लाश मिली है। लाश रस्सी से बंधा हुआ है। लाश की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया लग रहा है कि कहीं अन्य जगह हत्या कर मिट्टी वाले बोड़ा में भरकर यहां फेंका गया है। एफएसएल की टीम ने घटना स्थल की जांच की है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मृतक के पहचान की कोशिश की जा रही है। हत्या कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
